फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: खजूरी रोड पर बनेगा नाला, जलभराव से मिलेगी राहत

Fri, 23 Jan 2026 12:37 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
शादीपुर से खजूरी रोड। संवाद
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

यमुनानगर। सहारनपुर रोड से जठलाना रोड की ओर आने-जाने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से सड़क पर जलभराव और कीचड़ की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रवासियों को अब जल्द ही इससे निजात मिलने वाली है। नगर निगम ने खजूरी रोड पर पानी की निकासी के लिए नाला बनाने का निर्णय लिया है, जिससे सड़क पर जमा होने वाले पानी की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।
खजूरी रोड औद्योगिक क्षेत्र के रूप में भी जाना जाता है। यहां कई प्लाईवुड फैक्टरियों के अलावा अन्य औद्योगिक इकाइयां स्थित हैं। फैक्टरियों में काम करने वाले मजदूर, माल ढोने वाले वाहन और आम नागरिक इसी सड़क से रोजाना आवाजाही करते हैं। लेकिन सड़क पर निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण बरसात के दिनों में ही नहीं, बल्कि सालभर यहां पानी और कीचड़ भरा रहता है। इससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
विज्ञापन

लोगों के अनुसार मानसून के दौरान हालात और भी बदतर हो जाते हैं। हल्की बारिश में ही सड़क पर एक से डेढ़ फीट तक पानी जमा हो जाता है। कई बार पानी इतना भर जाता है कि सड़क और गड्ढों का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। इससे दोपहिया वाहन चालकों के गिरने की घटनाएं भी होती रहती हैं, जबकि चारपहिया वाहनों को भी नुकसान उठाना पड़ता है। पैदल चलने वालों के लिए सड़क पार करना बेहद मुश्किल हो जाता है। पानी की वजह से सड़क जाम भी रहता है।
जलभराव की समस्या का असर केवल आम नागरिकों तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे फैक्टरियों का कामकाज भी प्रभावित होता है। कच्चा माल लाने और तैयार माल ले जाने वाले ट्रकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार पानी और कीचड़ के कारण जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती है। नगर निगम के अनुसार खजूरी रोड पर नाला बनाए जाने से सड़क पर जमा पानी को निकासी का रास्ता मिलेगा।
इसके साथ ही शादीपुर क्षेत्र में भी ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा, ताकि वहां भी बरसात के दौरान जलभराव की समस्या न हो। निगम का दावा है कि इन कार्यों के पूरा होने के बाद जठलाना रोड से जुड़े इलाकों में जलभराव की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी।
वहीं स्थानीय लोगों ने नगर निगम के इस फैसले का स्वागत किया है। रविंद्र मेहता, राकेश, संजीव का कहना है कि यदि नाला और ड्रेनेज सिस्टम सही ढंग से बनाया गया और समय-समय पर उसकी सफाई होती रही, तो वर्षों पुरानी समस्या से हमेशा के लिए राहत मिल सकती है। आने वाले मानसून में उन्हें जलभराव और कीचड़ से जूझना नहीं पड़ेगा।
विज्ञापन

खजूरी रोड पर पानी की निकासी के लिए बहुत जल्द नाला बनाया जाएगा। इससे खजूरी रोड पर हर समय जो जलभराव या कीचड़ रहता है उससे लोगों को निजात मिलेगी। वहीं शादीपुर में भी ड्रेनेज सिस्टम को सुधारा जाएगा। - सुमन बहमनी, मेयर, नगर निगम।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें