मार्केट कमेटी सचिव से बात करते किसान प्रतिनिधि। संगठन
रादौर। संयुक्त किसान मोर्चा खंड रादौर का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को मार्केट कमेटी सचिव राजीव चोपड़ा से मिला। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व महीपाल चमरोड़ी ने किया। इस दौरान किसानों को मिलने वाली सुविधाओं व कठिनाई को लेकर चर्चा की। मोर्चा सदस्यों ने सरकार के निर्देशों की जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान सचिव राजीव चोपड़ा ने बताया कि किसानों के ट्रैक्टर के अगले हिस्से पर नंबर लिखा होना चाहिए। जैसे ही ट्रैक्टर-ट्रॉली मंडी में गेट पर पहुंचेगी, तो फोटोग्राफी की जाएगी, उसके बाद गेट पास जारी कर दिया जाएगा। किसान गेहूं की फसल आढ़ती के पास उतार देगा। सफाई होने के बाद फिर मालिक का अंगूठे का पोर्टल पर निशान लिया जाएगा। यदि किसान ने पोर्टल वेरीफाई किया होगा, तो कोई दिक्कत नहीं होगी। यदि किसी का अंगूठे का निशान सही नहीं आया तो आंखों की पुतली से भी किसान की पहचान कर ली जाएगी। किसान यदि खुद आने में असमर्थ हो तो वह पोर्टल पर अपनी पहचान के किन्हीं तीन लोगों का सीएससी से नाम दर्ज करवा लें। बिक्री के समय केवल एक की जरुरत होगी। कोई छोटा किसान झोटा-बुग्गी में भी गेहूं लेकर आएगा तो उसको भी कोई कठिनाई नहीं होने देंगे। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि किसान कंबाइन, ट्रैक्टर-ट्रॉली किराए पर लेते हैं। इसलिए सुबह छह से रात आठ बजे से अधिक टाइम बढ़ाया जाए, चूंकि किराए वालों को दूसरों के काम पर जाना होता है। इसके लिए उच्च अधिकारियों से बातचीत कर ली जाए। इस दौरान मंडल अध्यक्ष प्यारेलाल तंवर, वेदपाल, यशपाल, संजय सिंह, सुखबीर सिंह सहित अन्य मौजूद रहे। संवाद