संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। अमादलपुर गांव के पास दो बाइकों की भिड़ंत में हलवाई की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बाइक चालक पर केस दर्ज कर लिया है। बूड़िया निवासी जोगिंद्र पाल ने बताया कि वह हलवाई का कार्य करता है। उनके साथ ही 50 वर्षीय राजेंद्र सिंह भी हलवाई का काम करता है। शुक्रवार को दोनों अमादलपुर गांव में मिठाई बनाने के लिए गए हुए थे। वहां से कार्य खत्म कर देर शाम वापस घर लौट रहे थे। जब वे अमादलपुर गांव में गुरु रविदास मंदिर के पास पहुंचे।
तभी सामने से आ रहे चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित हो गई। राजेंद्र सड़क पर गिरा और सिर सड़क में लगने से वह गंभीर घायल हो गया। दुर्घटना के बाद आरोपी बाइक चालक फरार हो गया। राहगीरों की मदद से उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया।
वहां से उसे रेफर कर दिया गया। जब उसे मुलाना मेडिकल कालेज में लेकर पहुंचे तो वहां पर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बूड़िया थाना पुलिस ने आरोपी बाइक चालक पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना आरोपी बाइक चालक का सुराग लगाया जा रहा है।