संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी की ओर से 18.51 लाख रुपये से होने वाले विकास कार्यों की ई-निविदा लगाई गई है। इसमें दौलतपुर में कब्रिस्तान व गोबिंदपुरा में गलियों-नालियों के निर्माण कार्य शामिल हैं। दोनों जगह इन कामों की मांग थी, जो अब पूरी होने की उम्मीद जगी है।
नगर निगम की ओर से लगाई ई निविदा अनुसार वार्ड 12 के दौलतपुर में काफी समय से कब्रिस्तान का काम अधूरा था, जिसे पूरा कराने के लिए नगर निगम अफसरों ने अनुमान तैयार किया। इसमें 6.21 लाख रुपये खर्च की मंजूरी मिली। इस राशि पर ई-निविदा लगाई गई है। ऐसे ही वार्ड-22 के गोबिंदपुरा में गाबा अस्पताल से हरि ज्वेलर्स तक काफी समय से सड़क क्षतिग्रस्त होने के साथ जल निकासी ठप थी। इस समस्या के समाधान के लिए नगर निगम अफसरों ने 12.33 लाख रुपये के अनुमानित खर्च की मंजूरी पर ई निविदा लगाई है। जिस भी एजेंसी या ठेकेदार को उक्त दोनों काम अलॉट होंगे, उन्हें दो माह 15 दिन में इन्हें पूरा करना है। मेयर सुमन बहमनी का कहना है कि जरूरी कामों को प्राथमिकता दी जा रही है। जहां जिस काम की जरूरत है, उसकी ई निविदा लगाई जा रही है। प्रयास रहेगा कि यह काम जल्द शुरू व गुणवत्ता के साथ पूरे कराए जा सकें।