यमुनानगर। जिले के लिए बुधवार और वीरवार का दिन परिवारों को पीड़ा भरा रहा। इन दो दिनों में नौ घंटे के भीतर बैंककर्मी सहित दो विवाहिताओं ने फंदा लगाकर जान दे दी। वहीं दूसरी तरफ हथिनी कुंड बैराज पर पश्चिमी यमुना नहर से एक आईटीआई की छात्रा ने छलांग लगा दी। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद छात्रा का शव नहर से बरामद कर लिया गया। शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के दौरान परिजन एक-दूसरे को गले लगाकर रोते-बिलखते रहे। रिश्तेदारों ने उन्हें सांत्वना दी।शादी के पांच महीने बाद फंदे पर लटकी मिली नर्स
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। थाना व्यासपुर क्षेत्र के गांव बिजोली में 25 वर्षीय नव विवाहिता ने फंदे पर लटक कर जान दे दी। मृतका की पांच माह पहले शादी हुई थी, वह जीएनएम कोर्स करने के साथ निजी अस्पताल में नर्स थी। मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाकर हंगामा किया। मृतका की मां के बयान पर पति व ननद को दहेज हत्या के आरोप में नामजद कर लिय गयाा।
गांव भंभोली निवासी संतोष ने बताया कि बेटी मनजीत कौर की शादी गत 14 अप्रैल को गांव बिजोली निवासी रजत कुमार से की थी। रजत कालाआंब स्थित निजी बैंक में नौकरी करता है। मनजीत कौर गांव गधौली के कॉलेज से जीएनएम कोर्स कर रही थी। एक सप्ताह पहले मनजीत साढौरा के निजी अस्पताल में स्टाफ नर्स लगी थी।
संतोष ने बताया कि बेटी मनजीत की शादी के चार दिन बाद मेरे पति राजेंद्र की मौत हो गई थी। उनके बीमा के 3.20 लाख रुपये मेरे बैंक खाते में आए, जिसका मनजीत के पति रजत व उसके ससुराल के लोगों को पता चल गया। रजत बेटी मनजीत के जरिए बीमा के रुपये उसे देने के लिए बोल रहा था।
यह बात जब मनजीत मायके आई तो उसने बताई। रजत के बार-बार मांग करने पर बीमा की राशि में से 1.20 लाख रुपये मनजीत को दिए थे।
मनजीत ने बताया था कि रजत व उसकी पिंजोर निवासी बहन प्रियंका कम दहेज लाने पर ताने मारते व परेशान करते थे। बुधवार को बेटे के मोबाइल पर मनजीत के ससुर सुरेश कुमार ने कॉल कर बताया कि मनजीत की हालत गंभीर है और उन्हें जगाधरी के सिविल अस्पताल बुलाया। सूचना पाकर अस्पताल पहुंचे, पर यहां मनजीत को मृत पाया। मनजीत के शव को शवगृह में ले जाया जा रहा था। तब मनजीत के ससुर सुरेश कुमार ने बताया कि मनजीत ने घर (ससुराल) पर कमरे में फंदे से लटक गई थी। यह सुन आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने बेटी मनजीत को आत्महत्या के लिए मजबूर किया है। जिस कारण उसने आत्महत्या की है। थाना व्यासपुर पुलिस ने मृतका के पति रजत व ननद प्रियंका को दहेज हत्या के आरोप में नामजद कर जांच शुरू कर दी।
किराये के कमरे में बैंक कर्मचारी ने लगाया फंदा
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। प्यारा चौक स्थित उत्कर्ष बैंक की शाखा में सीएसओ (कस्टमर सर्विस ऑफिसर) कैथल के गांव कॉल निवासी अमरदीप (26) ने आत्महत्या कर ली। घटना विश्वकर्मा मोहल्ले की है, जहां किराये पर लिए कमरे में अमरदीप ने खिड़की की ग्रिल पर फंदे से लटक कर जान दे दी। बुधवार रात कमरे की खिड़की से फंदे पर लटका देख मकान मालिक ने पुलिस को सूचित किया। फिलहाल परिजनों ने किसी तरह के आरोप में शिकायत नहीं दी गई और न आत्महत्या की वजह स्पष्ट हो पाई है।
अमरदीप प्यारा चौक स्थित उत्कर्ष बैंक की शाखा के ऑपरेशन डिपार्टमेंट में सीएसओ के पद पर डेढ़ साल से तैनात था। बुधवार को वह बैंक से छुट्टी के बाद विश्वकर्मा मोहल्ले में किराये पर लिए कमरे पर चला गया। रात तक कमरे में ही था। रात में करीब 10 बजे मकान मालिक घर पर आया तो उसने देखा कि अमरदीप खिड़की से सटा बाहर की तरफ कुछ देख रहा है।
उसने अमरदीप को आवाज लगाई, पर उसने कोई जवाब नहीं दिया। पास जाकर देखा तो अमरदीप ने खिड़की की ग्रिल पर अंदर से फंदा लगा रखा था। मकान मालिक ने तुरंत दूसरी चाबी से घर का दरवाजा खोला और इस बारे में डायल-112 पर सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। थाना शहर यमुनानगर प्रभारी नरेंद्र राणा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि इसके कारणों की जांच की जा रही है।
पति से झगड़े के बाद फंदा लगा की आत्महत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। दामला में महिला ने घर पर पति से शराब पीने पर हुए झगड़े के बाद कमरे में पंखे पर फंदे से लटक कर जान दे दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने जांच की। बाद में शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मूलरूप से नेपाल निवासी राजेश ने बताया कि वह कई वर्षों से दामला की फैक्ट्री में काम करता है।
कुछ साल पहले फोन पर बिहार के मधुबनी निवासी चंद्ररेखा से बातचीत हो रही थी। इसके बाद चंद्ररेखा अपने पहले पति को छोड़कर छह बच्चों के साथ उसके पास आकर रहने लगी। चंद्ररेखा से उसने शादी कर ली, जिसके बाद उन्हें भी एक बच्चा हुआ।
दामला में पत्नी चंद्ररेखा व सात बच्चों संग किराये के मकान में रह रहा था। चंद्ररेखा उसे शराब पीने से मना करती थी। इस बात पर दोनों में बहस हो जाती थी। बुधवार शाम भी उनका शराब पीने पर झगड़ा हुआ। इसके बाद चंद्ररेखा गुस्से से कमरे में चली गई और कुंडी लगा ली। वह बाहर से दरवाजा खुलवाने के लिए खटखटाता रहा।
बच्चों ने भी दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। छोटे बेटे ने चाकू की मदद से कुंडी को खोला और अंदर जाकर देखा तो चंद्ररेखा पंखे पर फंदे से लटकी हुई थी। डायल-112 पर कॉल की, पर संपर्क नहीं हुआ। तब चंद्ररेखा को फंदे से उतारा, पर उसकी सांस नहीं चल रही थीं। सूचना पुलिस को दी। जांच अधिकारी बलविंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। आत्महत्या की वजह आपसी कलह बताई गई है।
आईटीआई छात्रा नहर में कूदी, मिला शव
यमुनानगर। हथिनीकुंड बैराज पर यूपी के जिला सहारनपुर के गांव रतनपुरा कल्यानपुर निवासी 19 वर्षीय आईटीआई स्टूडेंट शिवानी पश्चिमी यमुना नहर में कूद गई। गोताखोरों की मदद से चार घंटे बाद उसका शव बरामद हुआ। लेकिन, घटनास्थल से युवती का बैग मिला है, जिसमें उसके आधार कार्ड व अन्य कुछ डॉक्यूमेंट मिले हैं।
सूचना मिलते ही प्रताप नगर पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की की तलाश शुरू कर दी है। घटना वीरवार दोपहर की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ देर युवती बैराज पर टहलती रही। उसके बाद वह कंट्रोल रूम के सामने पश्चिमी यमुना नहर किनारे नीचे उतर गई। लोगों ने उसे ऊपर लौटने की अपील भी की। लेकिन लड़की ने किसी की भी बात नहीं मानी। कुछ देर मोबाइल पर बात करने के बाद शिवानी ने नहर की ओर पीठ कर अचानक नहर में छलांग लगा दी।
नहर किनारे खड़े तीन युवक तुरंत रस्सा लेकर उसे बचाने के लिए नहर में कूद गए। लेकिन लड़की पानी के तेज बहाव में बह गई। चार घंटे बाद उसका शव नहर से बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रताप नगर पुलिस मौके पर पहुंची और नहर में डूबी लड़की की तलाश शुरू कर दी है। करीब चार घंटे बाद उसका नहर से मिल गया। संवाद
पोस्टमार्टम हाउस में मृतका चंद्ररेखा के पति के बयान दर्ज करती पुलिस। संवाद
पोस्टमार्टम हाउस में मृतका चंद्ररेखा के पति के बयान दर्ज करती पुलिस। संवाद
पोस्टमार्टम हाउस में मृतका चंद्ररेखा के पति के बयान दर्ज करती पुलिस। संवाद
पोस्टमार्टम हाउस में मृतका चंद्ररेखा के पति के बयान दर्ज करती पुलिस। संवाद