संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। शहर की सिविल लाइन स्थित मालवीय नगर में रहने वाला 13 वर्षीय जपजी सिंह क्रिकेट का बेहतरीन खिलाड़ी है। मात्र 13 वर्ष की आयु में उसने राष्ट्रस्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। ऑल राउंडर जपजी कई बार बल्लेबाजी और गेंदबाजी में जलवे दिखाकर अपनी टीम को जीत दिलवा चुका है। उसका सपना भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल होना और देश के लिए खेलना है।
मालवीय नगर निवासी जपजी सिंह शहर के सेंट थॉमस कॉन्वेंट स्कूल में सातवीं का छात्र है। आसपास के बच्चों को देखकर जपजी में क्रिकेट का खुमार छाने लगा। दो साल पहले उसने क्रिकेट खेलना शुरू किया और अपने बेहतरीन खेल के बल पर कई बार जिले का नाम रोशन कर चुका है। जपजी छोटी आयु में ही स्कूल नेशनल गेम्स का हिस्सा बना और अपने खेल के जौहर का प्रदर्शन किया।
इसके अलावा राज्यस्तरीय और जिलास्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर कई बार श्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया है। अंडर-14 टीम में खेलने वाले जपजी ने क्रिकेट में अपनी अलग ही पहचान बना रही है। वह कोच पूनम भंडारी से प्रशिक्षण अपने खेल में लगातार निखार ला रहा है।
कोच पूनम भंडारी ने बताया कि जपजी का क्रिकेट प्रति समर्पण उसे अन्य खिलाड़ियों से अलग बनाता है। उसे अपने अभ्यास की इतनी चिंता रहती है कि वह कभी लेट नहीं हुआ। अनुशासन और समय प्रतिबद्धता सफलता की कुंजी होती है और जपजी ने यह साबित भी किया है।
कोच ने बताया कि जपजी ने जिला क्रिकेट चैंपियनशिप में भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीता। इसी तरह राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर नाम चमकाया।
इसी तरह गत वर्ष हुई सांसद खेल महोत्सव प्रतियोगिता में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसमें जपजी ने प्रदेश में दूसरा स्थान पाया। उन्होंने बताया कि जपजी का खेल हुनर काफी बेहतरीन है, जो उसे आगे लेकर जाएगा। जपजी ने कहा कि उसका सपना देश के लिए खेलना है।