यमुनानगर। सड़कों पर दुपहिया वाहन सवारों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य है। ऐसा न करने वाले के खिलाफ यातायात नियमाें की उल्लघंना करने पर चालान काटने का प्रावधान है। ट्रैफिक पुलिस की मानें तो बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वालों के रोज चालान काटे जा रहे हैं। इसके बावजूद सड़कों पर हेलमेट पहनकर दुपहिया वाहन चलाने वाले कम ही नजर आते हैं। हेलमेट न पहनने वालों में सबसे अधिक युवा होते हैं। आखिर क्यों नियम-कानून की पालना नहीं हो पा रही है, इस बारे में युवाओं से बातचीत की गईं।
हर चौक पर हो चालान
युवा संजय मित्तल का कहना है कि बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वालों का हर चौक पर चालान काटा जाना चाहिए। इससे वाहन चालक बिना हेलमेट पहने वाहन लेकर नहीं निकलेंगे। चौक पर कभी-कभार ही पुलिस चालान काटती नजर आती है। इससे लोग भी लापरवाह होकर नियम-कानून तोड़ते रहते हैं।
रोज काटें चालान
रविंद्र पुंज का कहना है कि युवा फैशन बाजी में हेलमेट नहीं पहनते हैं। जहां चालान काटा जाता है, वहां पुलिस वाले को खड़ा देखकर दूर से ही बाइक वापस मोड़ लेते हैं। चेकिंग के दौरान ऐसा इंतजाम करना चाहिए कि वाहन चालक भागने न पाए। यदि रोज ही चालान कटेंगे तो युवाओं को भी हेलमेट पहनना ही पड़ेगा।
जागरूक करने की जरूरत
रविंद्र वागले का कहना है कि हेलमेट न पहनने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाना चाहिए। स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाकर विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक करना चाहिए। यदि फिर भी सुधार न हो तो स्कूल-कॉलेजों के आसपास युवाओं के चालान काटे जाने चाहिए।