यमुनानगर। बिलासपुर-जगाधरी हाईवे पर सभ्रवाल अस्पताल के समीप ट्यूशन पढ़ने बाइक पर जा रहे बीटेक छात्र की कार के साथ आमने-सामने की टक्कर में मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार व बाइक हाईवे से साथ लगती खाई में जा गिरी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। थाना शहर जगाधरी पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई महावीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक के पिता रणजीत सिंह के बयान पर आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव हैबरपुर के रणजीत सिंह ने बताया कि उनका 24 वर्षीय बेटा नरेंद्र ने बीटेक की पढ़ाई हरियाणा इंजीनियरिंग कालेज से की थी। इसमें अंतिम वर्ष के परिणामों में एक विषय में रि-अपीयर आने पर वह हुडा सेक्टर-17 में बीते कुछ माह से ट्यूशन पढ़ रहा था। शुक्रवार को भी वह हर रोज की तरह सुबह छह बजे घर से ट्यूशन के लिए निकल गया था। इसी दौरान बिलासपुर-जगाधरी हाईवे पर अस्पताल के समीप तेज गति से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी। इसमें उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। इसकी सूचना उन्हें आसपास के लोगों ने दी। सूचना पाकर थाना शहर पुलिस ने कार व बाइक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
बेटे को बनाने चाहते थे इंजीनियर
मृतक नरेंद्र कुमार के पिता रणजीत सिंह ने बताया कि वह अपने बेटे को इंजीनियर बनाना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने जी तोड़ मेहनत कर बेटे को शुरू से ही अच्छी स्कूल व कालेज में शिक्षा दिलाई। हरियाणा इंजीनियरिंग कालेज में नंबर पढ़ने के बाद उसे बेटे का इंजीनियरिंग बनाने का सपना पूरा होता नजर आया। उसके बाद शुरू के तीन वर्षों में बेटे की अच्छी परीक्षाएं हुईं, लेकिन अंतिम वर्ष के परिणामों में उसकी एक विषय में रि-अपीयर आ गई। इसके लिए उसने ट्यूशन रखी थी। उसे क्या पता था कि अब अंतिम पड़ाव में आकर उसका सपना सपना ही रह जाएगा।