कुरुक्षेत्र। जिला पुलिस बीते साल में अपराध पर अंकुश लगाने पर प्रयासरत रही। साल में पुलिस ने कई उलझी हुई वारदात को सुलझाने का दावा किया तो पूरा वर्ष नशे को रोकने पर मुख्य फोकस रहा। चोरी की कई वारदात को सुलझाकर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा। इसमें पुलिस ने गृह भेदन, आर्म्स एक्ट, छीनाझपटी, वाहन चोरी, साधारण चोरी व ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले 32 गैंग से जुड़े 95 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जिला पुलिस के मुताबिक इन आरोपियों से करीब 2.20 करोड़ रुपये की चोरीशुदा संपत्ति व नकदी बरामद की गई। शस्त्र अधिनियम के तहत 35 अभियोग दर्ज कर 66 आरोपियों को काबू किया गया। इन आरोपियों से 18 देसी पिस्तौल, 19 कट्टे, 225 कारतूस, तीन मैगजीन व 02 गन बरामद हुईं। मादक पदार्थ अधिनियम के तहत 214 मुकदमे दर्ज कर 432 आरोपियों को दबोचा। इनसे 127 किलो 138 ग्राम गांजा, दाे किलो 920 ग्राम चरस/सुल्फा, 88 किलो 444 ग्राम अफीम, 27 क्विंटल 65 किलो 227 ग्राम चूरापोस्त, एक किलो 02 ग्राम 46 मिलीग्राम स्मैक, एक किलो 87 ग्राम 92 मिलीग्राम हेरोइन, 11,162 नशे की प्रतिबंधित गोलियां, 4264 कैप्सूल, 43 किलो 600 ग्राम अफीम के पौधे व 10 बोतल सीरप बरामद हुए।
उधर, जिला पुलिस ने फरार चल रहे 29 मोस्टवांटेड, 151 पीओ व 144 बेल जंपरों को भी गिरफ्तार किया। शराब तस्करी के 363 मुकदमे दर्ज कर 365 आरोपियों से 6,355 बोतल ठेका शराब देसी, 16,105 बोतल अंग्रेजी शराब, 670 बोतल बीयर, 204 बोतल अवैध शराब व 3,060 लीटर लाहन तथा दो चलती भट्टी बरामद की गई। जुआ अधिनियम के तहत 116 मामले दर्ज करके 134 आरोपियों से करीब पांच लाख रुपये बरामद किए।
पुलिस सेवा, सुरक्षा और सहयोग की थीम पर कर रही काम : सिंगला
पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने कहा कि पुलिस का प्रयास केवल अपराधों पर अंकुश लगाना ही नहीं बल्कि समाज की मानसिक प्रवृत्ति में बदलाव कर अपराध को जड़ से मिटाना है। जैसा कि पुलिस का स्लोगन है सेवा, सुरक्षा और सहयोग उसी पर कार्य करते हुए महिलाओं और कमजोर वर्ग को उनके अधिकारों कानून के बारे में जागरूक किया जा रहा। जिला पुलिस कुरुक्षेत्र द्वारा इस तरह के प्रयास भविष्य में भी जारी रहेंगे।