माई सिटी रिपोर्टर
यमुनानगर। महाराजा अग्रसेन कॉलेज में इस बार स्नातक के नौ कोर्सों में 740 सीटों पर दाखिले होंगे। यह सहशिक्षा कॉलेज है और ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों में दाखिला लेने की होड़ लगती है। इस बार 12वीं में तमाम बच्चे पास होने से दाखिले को लेकर मारामारी तय मानी जा रही है।
उच्चतर शिक्षा निदेशालय के पोर्टल पर ऑनलाइन पद्धति से सारी सीटों पर रजिस्ट्रेशन होने हैं। उच्चतर शिक्षा निदेशालय की ओर से शेड्यूल जारी किए जाने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने भी दाखिला प्रक्रिया के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। रजिस्ट्रेेशन के पहले दिन 12 अगस्त से ही कॉलेज में विद्यार्थी हेल्प डेस्क बना दिया जाएगा। डेस्क पर विशेषज्ञों की ड्यूटी लगाई जाएगी। विशेषज्ञ विद्यार्थियों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन आने वाली समस्याओं का समाधान करेंगे और उनके रजिस्ट्रेशन मेें सहयोग करेंगे। रजिस्ट्रेशन से लेकर फीस जमा और कक्षाएं शुरू होने तक विद्यार्थियों की तमाम मुश्किलों को दूर किया जाएगा।
किस कोर्स में कितनी सीटें
बीए-160
बीकॉम-160
बीकॉम टैक्स-60
बीकॉम इंश्योरेंस-60
बीकॉम कंप्यूटर-60
बीएससी कंप्यूटर-60
बीएससी नॉन मेडिकल -60
बीबीए-60
बीसीए-60
तीन दोहरी डिग्री कोर्स
महाराजा अग्रसेन कॉलेज में सामान्य कोर्सों के अलावा तीन दोहरी डिग्री कोर्स भी संचालित किए जाते हैं। इनमें ई मार्केटिंग, बिजनेस एडवरजाइजिंग और सामुदायिक विकास एवं सामाजिक कल्याण शामिल हैं। इनमें कोर्सों में कोई भी विद्यार्थी अन्य डिग्री के साथ ही दाखिला ले सकता है। पहले साल सर्टिफिकेट कोर्स, दूसरे साल डिप्लोमा और तीसरे साल डिग्री मिलेगी। इसके अलावा लड़के और लड़कियों के लिए एनसीसी और एनएसएस की भी शाखाएं हैं।
प्रिंसिपल डॉ. पीके बाजपेयी ने बताया कि दाखिला प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों की सहायता के लिए हेल्पडेस्क बना दिए गए हैं। दाखिले से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए विद्यार्थी कॉलेज आकर अपनी शंका का समाधान कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन से लेकर दाखिले तक किसी भी विद्यार्थी को परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इसके लिए विशेषज्ञों की ड्यूटी लगाई गई है।