यमुनानगर। साइबर ठग लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। अब रैपिडो कस्टमर केयर के नाम पर सेक्टर-18 की रहने वाली महिला से 70 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। महिला की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि आठ अक्तूबर को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने रैपिडो कस्टमर केयर का प्रतिनिधि बताया।
विज्ञापन
उसने बातचीत के दौरान महिला को किसी काम के सिलसिले में एक एपीके फाइल भेजी और उसे डाउनलोड करने के लिए कहा। वह आरोपी की बातों में आ गई और उसने मोबाइल पर भेजी गई फाइल डाउनलोड कर ली। फाइल डाउनलोड करते ही मोबाइल फोन हैक हो गया। कुछ समय बाद उस मोबाइल फोन अचानक रीस्टार्ट हुआ।
इसके बाद जब मोबाइल देखा तो उसके बैंक खाते से 70 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया था। खाते से रकम कटने का मैसेज देखकर उसके होश उड़ गए। उसे समझ आया कि कस्टमर केयर के नाम पर फोन करने वाले व्यक्ति ने उसके साथ साइबर ठगी की है।
इसके बाद महिला ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम पुलिस को दी। शनिवार को वह साइबर क्राइम थाना पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। थाना प्रभारी रविंद्र का कहना है कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस उस मोबाइल नंबर और बैंक खाते से जुड़े लेनदेन की जांच कर रही है।