यमुनानगर। जिले के गांव मांडखेड़ी में मांगने वाले के भेष में घर पहुंचे बदमाश ने घर में अकेली महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और उसके कानों से सोने की बालियां निकालकर भाग गया। वारदात के दौरान आरोपी के दो अन्य साथी भी उसके साथ थे। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव मांडखेड़ी निवासी राजीव कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार को वह किसी काम से अपने रिश्तेदार के घर गया था। इस दौरान उसकी पत्नी उषा घर पर अकेली थी। सुबह 11:30 बजे एक व्यक्ति उनके घर पहुंचा। उसने सफेद रंग का कुर्ता-पायजामा पहना हुआ था और सिर पर हरे रंग का कपड़ा लपेटा हुआ था।
विज्ञापन
आरोपी ने सबसे पहले पड़ोस के घर का गेट खटखटाया। इसी दौरान उसके दो अन्य साथी भी वहां पहुंच गए। उनके हाथ में एक चादर थी और वे आगे की तरफ चले गए। इसके बाद आरोपी ने राजीव के घर का गेट खटखटाया। उसकी पत्नी उषा ने दरवाजा खोला तो आरोपी ने पीने के लिए पानी मांगा।
उषा अंदर से पानी लेकर आई और जैसे ही उसने आरोपी को पानी का गिलास पकड़ाया, उसने उसे कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया। इससे उषा बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी ने उसके दोनों कानों से सोने की बालियां निकाल लीं और भाग गया। कुछ देर बाद उषा को होश आया तो उन्होंने कानों में बालियां गायब देखीं। इसके बाद गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची गई तो तीनों आरोपी बाइक पर जाते दिखाई दिए। थाना प्रभारी नसीब सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।