यमुनानगर। स्कूल आते-जाते समय एक युवक ने छठी कक्षा की छात्रा से दोस्ती करने की जबरदस्ती की। आरोप छात्रा की सहेली के भाई पर लगा है। छात्रा के पिता की शिकायत पर शहर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
शहर की एक काॅलोनी निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी 14 साल की बेटी एक निजी स्कूल में छठी कक्षा में पढ़ती है। सोमवार शाम को उसकी बेटी फोन पर अपनी सहेली से बात कर रही थी। वह सहमी हुई थी। शक होने पर उसने बेटी से फोन स्पीकर पर करने को कहा। जब उसने फोन स्पीकर पर किया तो उसकी सहेली उसे अपने भाई जुनैद से फोन पर बात करने के लिए कह रही थी। जब उसने अपनी बेटी से इस बारे में पूछा तो उसने बताया कि आरोपी जुनैद दो माह से स्कूल आते-जाते समय उसका पीछा करता है। उसे तंग करता है। उसने बताया कि आरोपी ने उसे धमकाया था कि यदि इस बारे में माता-पिता को बताया तो वह उसे जान से मार देगा। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। शहर थाना पुलिस ने आरोपी जुनैद पर पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।