दस फरवरी को शिक्षा विभाग की ओर से ली गई बुनियाद लेवल-1 की परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है। जिले के 690 विद्यार्थियों ने लेवल-1 की परीक्षा पास की है। अब इन विद्यार्थियों की लेवल-टू की परीक्षा होगी। परिणाम के साथ विभाग ने लेवल-टू की परीक्षा का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। लेवल दो की परीक्षा 22 फरवरी को होगी।
परीक्षा के दो स्कूलों को केंद्रों बनाया गया। बता दें कि लेवल-1 की परीक्षा दस फरवरी को हुई थी। जिसके लिए जिले से 2479 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। इस दौरान कुल 2188 विद्यार्थियों ने यह परीक्षा दी थी। 2188 परीक्षार्थियों में से 690 ने परीक्षा पास कर ली है। जिनका चयन लेवल-2 के लिए किया गया है। यह परीक्षा 22 फरवरी को होगी। इसी के साथ ही विभाग ने दूसरे चरण की परीक्षा में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए हैं। एडमिट कार्ड के लिए विभाग ने लिंक जारी किया है। जिससे विद्यार्थी अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
लेवल-2 की परीक्षा का परिणाम 27 फरवरी को जारी किया गया जाएगा। इसके बाद लेवल-3 में प्रेरक सेमिनार व मूल्यांकन किया जाएगा। सभी लेवल की परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों को विभाग की ओर से बुनियाद के तहत आईआईटी, नीट व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग दी जाएगी। जिसके लिए 16 से 24 अप्रैल तक विद्यार्थियों के एडमिशन होंगे। इसी तरह सरकार की सुपर-100 योजना के लिए 680 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया है। सुपर-100 लेवल वन की परीक्षा 10 फरवरी को हो चुकी है। जिसका परिणाम 28 फरवरी को जारी किया जाएगा।
लेवल-टू के लिए विभाग की ओर से जिले में मात्र दो केंद्र बनाए गए हैं। एक केंद्र कैंप स्थिति राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तो दूसरा आदर्श संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल बिलासपुर को बनाया गया है। केंद्र पहुंचने में विद्यार्थियों को परेशानी न हो। इसकी जिम्मेदारी विभाग ने स्कूल मुखियाओं को सौंपी है। विभाग ने सभी स्कूल मुखियाओं को पत्र जारी किया है कि वे अपने स्कूल के बुनियाद परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों का 22 फरवरी को केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें। इसके लिए विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पहुंचाने का प्रबंध स्कूल मुखिया की ओर से किया जाएगा। वहीं परीक्षा के बाद विद्यार्थियों को वापस स्कूल पहुंचाने की जिम्मेदारी मुखिया की होगी। यही नहीं विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र भी स्कूल में ही डाउनलोड करके मुहैया करवाने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
बुनियाद योजना के लिए पहले चरण की प्रक्रिया पूरी हो गई है। दस फरवरी को लेवल-1 की परीक्षा हुई थी। जिसका परिणाम जारी कर दिया गया है। 2188 में से 690 विद्यार्थियों का चयन दूसरे चरण के लिए किया गया है। दूसरे चरण की परीक्षा 22 फरवरी को होगी। विद्यार्थियों को आने जाने में परेशानी न हो इसके लिए स्कूल की ओर से इसका प्रबंध किया गया है।
विशाल सिंघल, जिला विज्ञान विशेषज्ञ।