संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। लाल डोरा व आबादी देह में 10 साल से काबिज संपत्ति धारकों ने संपत्ति प्रमाणपत्र देने को दस्तावेज लेने के लिए बुधवार को उधमगढ़, तेलीपुरा, जड़ौदा व गढ़ी मुंडो में शिविर लगाए गए। प्रमाणपत्र लेने के लिए चारों स्थानों पर 64 संपत्ति धारकों ने दस्तावेज जमा कराए।
इन संपत्तिधारकों को सूची निगम द्वारा उनके गांव में चस्पा दी है। इसके बाद मालिकाना हक देने के लिए संपत्ति प्रमाण पत्र तैयार किए गाए। निगम की ओर से जगाधरी जोन के वार्ड नंबर तीन के गांव उधमगढ़ व तेलीपुरा, वार्ड एक के जड़ौदा गांव व वार्ड सात के गढ़ी मुंडो में शिविर लगाए गए। कमेटी सचिव एवं निगम अभियंता मुनेश्वर भारद्वाज, पटवारी एवं कमेटी सदस्य कुलदीप कुमार व अन्य की टीम ने संपत्ति धारकों के दस्तावेज लिए।
इस दौरान उधमगढ़ में 12 व तेलीपुरा में 12, जड़ौदा में 13 और गढ़ी मुंडो में 27 संपत्तिधारकों ने संपत्ति प्रमाण पत्र लेने को दस्तावेज जमा कराए। निगम अधिकारियों ने संपत्ति धारकों को दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। निगमायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि आबादी देह व लाल डोरा में स्थित संपत्तियों का प्रमाण पत्र लेने के लिए संपत्ति धारक को राजस्व विभाग द्वारा सत्यापित आबादी व लाल डोरा का शपथ पत्र, पिछले दस साल का बिजली बिल या पानी का बिल होना चाहिए।
इसके अलावा ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, जीएसटी सर्टीफिकेट, वोटर कार्ड, कब्जा प्रमाण पत्र, प्रॉपर्टी टैक्स की रसीद, निर्माणाधीन नक्शा प्रमाण पत्र में से कोई दो दस्तावेज, सेलडीड, कन्वेयन्स डीड, रिलीज डीड, जमाबंदी, फर्द, रजिस्ट्री जरूरी है।