संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिले के चौधरी रणबीर सिंह राजकीय बहुतकनीकी संस्थान (पॉलिटेक्निक) में दाखिले के लिए तीसरे चरण की ओपन काउंसलिंग वीरवार से शुरू हो गई है। पहले दिन संस्थान में कुल 62 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। इस दौरान कुल 105 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था।
आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद 62 ने दाखिला ले लिया। शेष 43 विद्यार्थियों के लिए शुक्रवार को प्रक्रिया चलाई जाएगी। इसके साथ संस्थान में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या 180 हो गई है। ओपन काउंसलिंग के लिए संस्थान में तीसरे चरण ऑनलाइन प्रक्रिया के दौरान आवेदन शुरू कर दिए गए थे। करीब एक सप्ताह चले खुले आमंत्रण में 105 ने आवेदन किया था।
तीसरे चरण में ओपन काउंसलिंग हुई और मौके पर ही दाखिले किए गए। प्रक्रिया के तहत सुबह पहले विद्यार्थियों को अपने पसंद के कोर्स भरने का समय दिया गया था। दोपहर 12 बजे तक यह प्रक्रिया चली इसके बाद विद्यार्थियों को सीट अलॉट की गई। पहले दिन की प्रक्रिया शाम छह बजे तक चली। इसके बावजूद 43 विद्यार्थी रह गए। इनकी प्रक्रिया शुक्रवार को सुबह नौ बजे होगी।
चौधरी रणबीर सिंह राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में आठ पाठ्यक्रमों में कुल 480 सीटें हैं। इसमें से 60 सीटें फॉर्मेसी की हैं, जिनकी प्रक्रिया अलग होती है। वहीं, सात पाठ्यक्रमों में 420 सीटें हैं। इन 420 में से दो ऑनलाइन चरण में 118 सीटें भर चुकी थीं। इसके बाद तीसरे चरण में 62 और विद्यार्थियों ने दाखिला ले लिया है।
अब तक 180 सीटों पर दाखिला हो चुका है। इसके बाद राजकीय संस्थान की 240 सीटें खाली हैं। वहीं, ओपन काउंसलिंग में आवेदन करने वाले 43 विद्यार्थियों के दाखिले होने हैं। यदि सभी विद्यार्थी भी दाखिला ले लेते हैं तो इसके बाद भी 197 सीटें रिक्त रह जाएंगी। ऐसे में संस्थान के सामने सीटें भरने का संकट खड़ा हो गया है।
मैकेनिकल इंजीनियरिंग में सबसे ज्यादा 17 दाखिले
दाखिला समिति के नोडल अधिकारी दीपक मेहता ने बताया कि तीसरे चरण में मैकेनिकल इंजीनियरिंग में सबसे ज्यादा 17 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। इसके बाद इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में 15 ने दाखिला लिया। वहीं, प्रवेश मेडिकल लैबोरेटरी टेक्नोलॉजी (एमएलटी) में 14 विद्यार्थियों ने प्रवेश पाया। कंप्यूटर इंजीनियरिंग में कुल नौ विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। इसके अलावा सिविल इंजीनियरिंग में सात विद्यार्थियों का दाखिला हुआ। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में कुल 180 विद्यार्थी दाखिला ले चुके हैं।