संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गणतंत्र दिवस को लेकर यमुनानगर में हाई अलर्ट किया गया है। सुरक्षा को देखते हुए जिले की सीमाओं को सील किया गया है। जिले में प्रवेश करने वाले वाहनों की चेकिंग की गई। इसके साथ ही जगह-जगह नाके लगाए गए हैं। शहर भी चौक-चौराहों पर चेकिंग की गई। एसपी ने सभी पुलिस अफसरों और थानेदारों को पूरी तरह से मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं।
रविवार को गणतंत्र दिवस का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके लिए जिले में विशेष तैयारियां की गई है। गणतंत्र दिवस को लेकर यमुनानगर जिले में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए। शनिवार शाम को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या को शहर में चैकिंग की गई। एसपी ने जिले में सुरक्षा को देखते हुए 600 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
जिले की बाहरी सीमाओं पर नौ स्थानों पर नाकेबंदी की गई है। इसके साथ ही शहर में भी जगह-जगह चौराहों पर वाहनों की सघन चैकिंग की गई। भीड़ वाले स्थानों, बस स्टैंड और होटलों के आस-पास संदिग्धों से पूछताछ की गई। एसपी राजीव देसवाल ने बताया कि गणतंत्र दिवस को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी डीएसपी और थाना प्रबंधकों को अपने अपने क्षेत्र में मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।