संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। अवैध खनन को रोकने के लिए जिला प्रशासन की ओर से बुधवार रात को टीमों ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में वाहनों की चेकिंग की। टीमों ने 1497 वाहनों की चेकिंग की। इनमें से ओवरलोड होने पर 58 वाहनों के चालान किए गए। सभी वाहनों से 7.54 लाख का जुर्माना वसूला गया।
डीसी पार्थ गुप्ता ने बताया कि खनन एवं भूविज्ञान विभाग के महानिदेशक केएम पांडुरंग के निर्देश पर खनन विभाग, यमुनानगर द्वारा अवैध खनन एवं परिवहन पर निरंतर कार्यवाही जारी है। एसडीएम छछरौली की टीमों द्वारा 709 वाहनों की चेकिंग के दौरान आरटीए विभाग द्वारा 18 वाहनों का चालान कर 1 लाख 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
एसडीएम जगाधरी की टीमों द्वारा 181 वाहनों की चेकिंग के दौरान 12 वाहनों का चालान कर 1 लाख 65 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। एसडीएम रादौर की टीमों द्वारा 510 वाहनों की चेकिंग के दौरान 7 वाहनों का चालान कर 1 लाख 26 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसी प्रकार एसडीएम व्यासपुर की टीम द्वारा 97 वाहनों की चेकिंग के दौरान 21 वाहनों का चालान कर 3,23,000 रुपये जुर्माना लगाया गया। बिना ई-रवाना बिल के निकलने वाले खनिज वाहनों की मॉनिटरिंग की जा रही है।