संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर के विकास की दिशा तय करने वाली नगर निगम सदन की सामान्य बैठक मंगलवार सुबह 11 बजे जिमखाना क्लब में आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता मेयर सुमन बहमनी करेंगी। इस दौरान विधायक घनश्याम दास अरोड़ा तथा उपायुक्त कम नगर निगम आयुक्त प्रीति की मौजूदगी में 53 अहम प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें अंतिम रूप दिया जाएगा।
बैठक में करोड़ों रुपये के प्रस्तावित विकास कार्यों पर मुहर लगने की संभावना है। शहर के सभी वार्डों में खाली पड़े प्लॉटों का ब्योरा सदन में रखा जाएगा। मेयर ने प्रत्येक वार्ड में खाली प्लॉटों की संख्या, जारी किए गए नोटिस और लगाए गए जुर्माने की जानकारी मांगी है। मेयर ने खुद यह प्रस्ताव एजेंडे में शामिल किया है। जलभराव की स्थायी समस्या के समाधान के लिए तकनीकी सर्वे कराने का प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल है।
शहर प्रवेश द्वारों पर आकर्षक बोर्ड, सजावटी पौधे और आधुनिक लाइटिंग लगाने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 25 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की व्यवस्था, पाइप लाइन की सफाई हेतु पांच जेटिंग मशीनें उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी। मार्च माह से पहले सभी छोटे-बड़े नालों की सफाई के टेंडर जारी करने का प्रस्ताव भी सदन में आएगा। वार्ड 22 के संजय विहार स्थित पौंड एवं पार्क का नाम अटल पार्क रखने, जगाधरी बस स्टैंड के पास बने डॉ. बीआर आंबेडकर चौक के सौंदर्यीकरण और शहीद भगत सिंह चौक के नवीनीकरण से संबंधित प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी। नालागढ़ और रटौली गांव में पार्क एवं श्मशान घाट के निर्माण, वार्ड 14 की हरिजन बस्ती में सामुदायिक केंद्र और तीन ट्यूबवेल लगाने, तथा वार्ड 22 के विभिन्न क्षेत्रों बसंत विहार, विवेक विहार, गोल्डन पुरी, मोती बाग, विकास नगर और लक्ष्मी नगर में ट्यूबवेल का प्रस्ताव है।
अतिक्रमण पर कार्रवाई ग्रीन बेल्ट का प्रस्ताव
रिहायशी क्षेत्रों में अवैध रूप से संचालित डेयरियों को शहर से बाहर शिफ्ट करने, मुख्य मार्गों व शैक्षणिक संस्थानों के बाहर खुली मीट की दुकानों और खोखों को बंद कराने तथा वार्ड तीन में दादूपुर नलवी नहर किनारे हुए अवैध कब्जों को हटाकर ग्रीन बेल्ट विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। वर्ष 1996 और उससे पूर्व बसी कॉलोनियों को नियमित करने, बंद पड़े नलकूपों के जर्जर कमरों को हटाकर सौंदर्यीकरण करने और पुरानी गलियों के निर्माण के दौरान निकले कंक्रीट को रि-साइकिल कर कच्ची गलियों में उपयोग करने के लिए मशीन खरीदने जैसे प्रस्ताव भी रहेंगे। बैठक में जिन वार्डों में पहले 25-25 लाख रुपये के मरम्मत कार्य हो चुके हैं, वहां पुनः उतनी ही धनराशि से नए टेंडर जारी करने पर भी निर्णय लिया जाएगा।