संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर (यमुनानगर)। विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले में कोर्ट के सर्च वारंट के आधार पर वीरवार को सीबीआई की टीम ने गांव सिकंदरा में ट्रैवल एजेंट के घर पर रेड की। सीबीआई के डीएसपी अंकित शर्मा के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस के साथ की गई रेड के दौरान सीबीआई ने 51 लाख रुपये नकद, नौ पासपोर्ट, कुछ विदेशी मुद्रा बरामद की है। सीबीआई की टीम ने एसबीआई के कर्मचारियों से गिनती करवाने के बाद नकदी बैंक में जमा करवाया। घर का मालिक ट्रैवल एजेंट रेड के समय कहीं बाहर गया हुआ था। जिस कारण वह पुलिस की गिरफ्त में आने से बच गया।
विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले में वीरवार की सुबह 8 बजे सीबीआई के डीएसपी अंकित शर्मा ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर गांव सिकंदरा के अशोक कुमार के घर पर रेड की। गांव के मौजूदा सरपंच राजेंद्र कुमार व पूर्व सरपंच गुरदेव सिंह चट्ठा पूरी कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद रहे। उनके सामने पुलिस ने लगभग सात घंटे घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान सीबीआई ने किसी को भी घर के अंदर नहीं आने दिया और न ही किसी को बाहर जाने दिया।
पूरे तलाशी अभियान की सीबीआई ने वीडियो बनाई। तलाशी के दौरान सीबीआई ने घर की अलमारी से 2 बैगों व एक दूध की ड्रम्मी में रखे लगभग 51 लाख रुपये की नगद राशि बरामद की। वहीं पुलिस ने नौ पासपोर्ट, 3 डायरियां व अन्य सामान बरामद किया। पुलिस ने बरामद किए गए सामान को सील किया। तलाशी के दौरान सीबीआई ने घर के बेड, अलमारियों व घर के कोने कोने की गहनता से तलाशी ली।
सूत्रों से पता चला है कि अशोक कुमार ने अंबाला के एक व्यक्ति को यूएसए भेजा था। इसे कुछ दिन पहले ट्रंप सरकार ने भारत डिपोर्ट किया था। इसके बाद की दी शिकायत पर पुलिस ने अशोक कुमार के विरुद्ध कार्रवाई की है। अशोक कुमार लाडवा में बस स्टैंड के पास स्थित मार्केट में ट्रेवल एजेंट के तौर पर दुकान चलाता है। गांव में उसका एक पुराना घर है। जहां से पुलिस ने 51 लाख रुपये की नगद राशि बरामद की।
परिजनों को नोटिस देकर ट्रैवल एजेंट को किया तलब
सीबीआई ने रेड के बाद घर में मौजूद अशोक कुमार की माता, पत्नी व भाभी को नोटिस देकर अशोक कुमार को सीबीआई के समक्ष पेश होने की बात कही है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह ने बताया कि सीबीआई की रेड के दौरान थाना रादौर से सीबीआई की टीम के साथ महिला हेड कांस्टेबल सीमा देवी, कांस्टेबल सविंद्र सिंह को भेजा गया था। ग्रामीणों ने बताया कि अशोक कुमार गांव में खेती बाड़ी के अलावा लाडवा में ट्रैवल एजेंसी भी चलाता है। इसने कुछ समय पहले लाडवा में जगह खरीदकर ट्रैवल एजेंसी खोली थी।