संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। हरनौल पंचतीर्थी पुलिस चौकी के नजदीक पुलिस टीम व बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाशों ने बचने के लिए पुलिस पर गोली चलाई, इस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दो से तीन फायर किए हैं। पुलिस चार बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफल रही। तीन बदमाश फरार हैं। इनका गन्ने के खेत में सर्च अभियान जारी है।
हरनौल के पास पुलिस ने वाहनों की चेकिंग के लिए वीरवार शाम को नाका लगाया था। इसी दौरान एंडेवर कार पहुंची, जिस पर भाजपा की लगी झंडी लगी हुई थी। जिसका उत्तराखंड नंबर था। उसमें सात लोग अंदर बैठे थे। गाड़ी को देखकर पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने नाके पर तैनात पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास करते हुए कार को तेजी से भगा लिया। पुलिस ने पीछे दौड़ानी शुरू कर दी।
बदमाशों ने खुद के पीछे पुलिस और खुद को घिरा देखकर उन्होंने टोपरा खुर्द गांव के पास अपनी कार को छोड़ दिया और वहां से पैदल पास के गन्ने के खेत में घुस गए। तभी तुरंत ही पुलिस की टीमें भी पहुंच गई। मौके पर जब गाड़ी की तलाश ली तो उसमें काफी हथियार बरामद हुए। इसके बाद पुलिस व सीआइए की टीमों ने गन्ने के खेत को चारों तरफ से घेर लिया।
ऐसे में आसपास का एरिया छावनी में तब्दील हो गया। गन्ने के खेत में छिपने के बाद जब बदमाशों ने पुलिस को आता देखा तो उन्होंने पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस टीमें सतर्क हो गई और जवाबी कार्रवाई देते हुए दो फायर किए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस चार बदमाशों को काबू करने में कामयाब रही।
ड्रोन की ली गई मदद
जिस गन्ने के खेतों में अन्य तीन बदमाश छुपे हैं, उन्हें तलाशने के लिए पुलिस की टीमों ने ड्राेन की मदद ली गई। सर्च अभियान देर रात तक जारी रहा। सूत्रों से पता चला है पुलिस के पास बदमाशों को पकड़ने के लिए पहले ही मुखबिर थी। इसलिए सभी टीमें एकसाथ मौके पर पहुंच गई। बदमाश कहां से आए थे और कहां जा रहे थे, अभी इसका खुलासा नहीं हो पाया है।
अभी मामले में कुछ नहीं कहा जा सकता है, लेकिन अन्य फरार बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए सर्च अभियान जारी है। अभियान के खत्म होने के बाद मामले का पूरा खुलासा कर दिया जाएगा।
- राजेश कुमार, डीएसपी जगाधरी।