संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। साझे में खनन का काम करने का झांसा देकर देवधर निवासी राकेश कुमार से 50 लाख रुपये ऐंठे गए। आरोप देहरादून के करजंग रोड निवासी विकेश अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, उसके पुत्र पारिस अग्रवाल, सन्नी अग्रवाल, मनोज गुप्ता व पंचकूला के सेक्टर 12 निवासी पुलकित बंसल पर है। थाना प्रतापनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
शिकायत में गांव देवधर निवासी राकेश कुमार ने बताया कि उनकी वैष्णो स्क्रीनिंग प्लांट के नाम से फर्म है। यही पर सन्नी अग्रवाल व पुलकित से अपने एक रिश्तेदार के माध्यम से जान पहचान हुई थी। सन्नी व पुलकित कई बार उनके प्लांट पर आए। उनके माध्यम से विकेश अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल व उसके बेटे पारिस अग्रवाल से जान पहचान हुई।
एक दिन ये लोग उनके प्लांट पर आए और कहा कि उत्तराखंड के देहरादून में खनन के काम की बोली होनी है। प्रस्ताव रखा कि सभी साझे में यह काम करते हैं। अगस्त 2020 में ये लोग दोबारा उनके प्लांट पर आए और कहा कि देहरादून में खनन की बोली खुल गई है। इसके बाद देहरादून बुलाया और वह जगह दिखाई, जिसकी बोली होनी थी।
सरकार की ओर से जारी की गई नोटिफिकेशन भी दिखाई। इसमें देहरादून मंडल के कई स्थानों की बोली, तारीख, रुपये व शर्तें दी हुई थी। उन्होंने खनन साइट की बोली में हिस्सा डालने के लिए एक करोड़ रुपये मांगे। उन्हें 50 लाख रुपये का इंतजाम कर उनकी फर्मों विकास अग्रवाल व शिवम माइंस एंड मिनरल के खातों में भेजे।
तब इन लोगों ने बताया कि जनवरी 2021 में माइनिंग का काम शुरू हो जाएगा। हर सप्ताह हिस्से का लाभ देने का वादा किया, पर जनवरी में काम शुरू नहीं हुआ। बाद में इव लोगों ने कॉल रिसीव करना बंद कर दिया। देहरादून जाकर इव लोगों से बात की तो उन्होंने हिस्सा व रुपये वापस करने से इन्कार कर दिया। साथ ही झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। तब शिकायत प्रतापनगर थाने में दी। जांच अधिकारी नर सिंह ने बताया कि शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।