केंचुआ खाद तैयार करने और कंपनी में निवेश कर मुनाफा कमाने का लालच देकर व्यासपुर के किसान खेमचंद अग्रवाल से 48 लाख रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने किसान की शिकायत पर एग्रो बायो साइंस कंपनी के अधिकारी सहित चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
शिकायत में व्यासपुर में पावर हाउस के समीप रहने वाले खेमचंद अग्रवाल ने बताया कि डेढ़ साल पहले एग्रो बायो साइंस कंपनी के अधिकारियों ने उनसे संपर्क किया। उनमें अरविंद कुमार, जयदीप, सुशील कुमार व संजीव कुमार शामिल थे। इन लोगों ने कहा था कि उनका उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में आवास विकास सोसायटी के पास कार्यालय है। उनकी कंपनी केंचुआ खाद तैयार कराती है। कंपनी के साथ कार्य करने वाले व्यक्ति को किश्तों में रुपये दिए जाते हैं।
इसके लिए कंपनी में निवेश करना होगा। कंपनी में दस लाख रुपये का निवेश करते हैं तो कंपनी 25 माह तक एक लाख रुपये प्रति माह का भुगतान करेगी। इसके बदले में कंपनी केंचुआ खाद तैयार करेगी। यह काम खुद कंपनी के कर्मचारी करेंगे। उनकी बातों में आकर कंपनी के खाते में अलग-अलग कर 14 लाख रुपये जमा कराएं। बाद में 34 लाख रुपये जमा कराए जिसके बाद कंपनी ने केंचुआ खाद तैयार नहीं की। अपने स्तर पर पड़ताल की तो पता लगा कि उक्त लोग इसी तरह से लोगों को ठग रहे हैं। इस पर थाना व्यासपुर में पुलिस को शिकायत दी। जांच अधिकारी मनीष ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़ें: Cyber Crime: शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा कमाने के लिए डाउनलोड करवाई एप, फिर लूट लिए लाखों, केस दर्ज