संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला स्तरीय कार्यकारिणी समिति की उपस्थिति में शुक्रवार को जिला सचिवालय में फसल अवशेष प्रबंधन योजना 2025-26 के तहत अनुदान पर दिए जाने वाले कृषि यंत्रों के लिए डीसी की ओर मनोनीत जिला राजस्व अधिकारी तरुण सहोता की अध्यक्षता में ऑनलाइन ड्रॉ निकाला गया। ड्रॉ के माध्यम से 444 किसानों का चयन किया गया है।
उप कृषि निदेशक आदित्य प्रताप डबास ने बताया कि जिले के 1402 कृषि यंत्रों के लिए किसानों की ओर से ऑनलाइन आवेदन किए गए थे। इस बार जीरो बर्निंग के साथ प्रदूषण मुक्त यमुनानगर का लक्ष्य रखा गया है। सहायक कृषि अभियंता विनीत जैन ने बताया कि योजना के अनुसार किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसी क्रम में आयोजित ड्रॉ में स्ट्रा बेलर मशीनों के आवेदकों में से 28 प्रतिशत व अन्य कृषि यंत्रों हेतु कुल आवेदकों में से 33 प्रतिशत का चयन कर लिया गया है। चयनित किसानों की सूची उप कृषि निदेशक व सहायक कृषि अभियंता के कार्यालय में लगा दी जाएगी। इसके अतिरिक्त चयनित किसानों को दूरभाष पर भी सूचित किया जाएगा।
अनुसूचित जाति के सभी किसान जिन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया था, उन सभी का चयन कर लिया गया है। किसानों के अंतिम अनुमोदन हेतु अपलोड किए गए दस्तावेजों की जांच उपरांत आठ सितंबर तक ऑनलाइन पोर्टल पर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। यदि चयनित किसान के दस्तावेजों में कोई कमी पाई जाती है तो संबंधित किसान उक्त तिथि तक अपने दस्तावेज कार्यालय में जमा करवा कर ऑनलाइन पोर्टल पर ठीक करवा सकता है। ड्रा के दौरान जिला स्तरीय कार्यकारिणी समिति के अन्य सदस्य केवीके दामला के समन्वयक डॉ. संदीप रावल, एसएन जौहर, जिला विकास प्रबंधक रीतू वर्मा उपस्थित रहे।