संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। त्योहारों के बीच जिले की अनाज मंडियों में धान की आवक तेज हो गई है। साथ ही उठान की गति में भी तेजी आई है। जिले की 13 अनाज मंडियों में अब तक 3,30,019 मीट्रिक टन धान पहुंच चुका है। इसमें से विभिन्न सरकारी खरीद एजेंसियों ने 3,09,451 मीट्रिक टन धान की खरीद की है।
मंडियों से अब तक 2,57,311 मीट्रिक टन धान का उठान हो चुका है, जो कुल खरीद का 83.15 प्रतिशत है। हालांकि, अभी भी मंडियों में 72,708 मीट्रिक टन धान उठान के इंतजार में पड़ा है।
धान की खरीद और उठान के बीच भुगतान की प्रक्रिया भी जारी है। अब तक 69,241 किसानों को करीब 567 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। उठान के बाद ही धान का भुगतान किए जाने के कारण किसानों को अपनी उपज का पैसा मिलने का इंतजार रहता है। ऐसे में मंडियों से धान का समय पर उठान होना किसानों के लिए अहम है।
मंडियों में धान की आवक लगातार जारी रहने के बीच 20,568 मीट्रिक टन धान की खरीद अभी बाकी है। अधिकारियों ने मंडियों का दौरा कर खरीद और उठान की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उठान में ढिलाई नहीं बरतने और प्रक्रिया में तेजी बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि मंडियों में धान जमा न हो और किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी का सामना न करना पड़े।