संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पंजाब नेशनल बैंक की गोबिंदपुरी रोड स्थित शाखा में शुक्रवार को चिकित्सा बीमा सहायता शिविर लगाया गया। इसका आयोजन ऑल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक पेंशनर्स एंड रिटायरीज एसोसिएशन ने सेवानिवृत्त बैंक कर्मियों के लिए किया। एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष चमन लाल व सर्कल सचिव एसपी कांबोज ने बताया कि शिविर आईबीए समूह मेडिकल बीमा योजना के अंतर्गत हुआ।
पंजाब नेशनल बैंक व आईबीए के करार के तहत हर वर्ष सेवानिवृत्त बैंक कर्मियों का चिकित्सा बीमा कराया जाता है। ऐसे 32 सदस्यों के शिविर में फॉर्म भरे गए, ताकि कोई सदस्य योजना से वंचित न रहे। वर्तमान समय में स्वास्थ्य सेवाएं अत्यधिक महंगी हो चुकी हैं। ऐसे में बीमा योजना सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए सहायक सिद्ध होगी।बैंक के सीनियर मैनेजर विकास शर्मा ने कहा कि एसोसिएशन का कार्य सराहनीय है। शिविर में एसोसिएशन के पैटर्न हरजीत सिंह लांबा, जिला उपाध्यक्ष अनिल प्रसार, सदस्य चंद्रमणि भाटिया, एमपी कालरा का सहयोग रहा।