संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बेटी को शिक्षा के लिए कनाडा भेजने के नाम पर गुरु तेग बहादुर निवासी कबीर विरली से 30 लाख रुपये हड़प लिए गए। आरोप कबीर विरली की मुंहबोली बहन हरबंसपुरा कॉलोनी में किराए पर रह रही राजस्थान के जयपुर निवासी चारू शर्मा, गुरु तेग बहादुर निवासी ललिता, कोट बसावा सिंह गांव निवासी कंवर पाल, सेक्टर-17 जगाधरी निवासी विनय शर्मा उर्फ संजू व गुरुग्राम निवासी अरविंद भारद्वाज पर लगा है। फर्कपुर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
गुरु तेग बहादुर नगर निवासी कबीर विरली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी ऑटो रिपेयर की दुकान है और सात-आठ अपने ऑटो है। करीब 11 माह पहले हरबंसपुरा कॉलोनी में किराए के मकान में रहने वाली चारू शर्मा के साथ हुई थी। भाई दूज वाले दिन उसने उसे धागा बांध कर अपना भाई बना लिया। बाद में उसे कॉलोनी की ललिता भी चारू शर्मा के घर पर मिली।
चारू ने एक दिन उसे कोट बसावा सिंह गांव निवासी कंवरपाल से मिलाया। कंवर पाल ने उसे बताया कि वे दोनों मिलकर लोगों को विदेश भेजने का काम करते हैं। आरोपियों ने उसे उसकी बेटी के बारे में पूछा। उसने बताया कि उसकी बेटी ने 12 वीं पास कर ली है। इसके बाद आरोपी उसकी बेटी को पढ़ाई के लिए कनाड़ा भेजने की बात कहने लगे। जब उसने रुपये न होने की बात कहीं तो आरोपी चारू शर्मा ने उसकी मदद करने की बात कही। आरोपियों पर विश्वास करके उसने बेटी को पढ़ाई के लिए कनाडा भेजने के लिए हां कर दी।
आरोपियों ने उसे सेक्टर-17 जगाधरी निवासी विनय शर्मा उर्फ संजू और गुरुग्राम निवासी अरविंद भारद्वाज से मिलवाया। आरोपियों ने उसकी बेटी का पासपोर्ट, दस्तावेज, एक फोन और अलग अलग कर लगभग 30 लाख रुपये ले लिए और उसकी बेटी को जल्द कनाडा भेजने का आश्वासन दिया। मगर काफी दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों ने उसकी बेटी को कनाडा नहीं भेजा।
बाद में आरोपी कंवरपाल ने उसे फोन कर बताया कि उसकी बेटे के कनाडा जाने में रुकावट आ गई है। क्योंकि नीट 2024 का जो पेपर हुआ था, उसमें उसका, चारू शर्मा, विनय कुमार व अरविंद्र भारद्वाज का नाम आ गया है। हमने ये पेपर लगभग ढाई करोड़ रुपये में खरीदे हुए थे। जिनसे उन्होंने पेपर खरीदे थे, उन्होंने पकड़े जाने पर उनका नाम पुलिस को बताया है। फर्कपुर थाना प्रभारी जनकराज का कहना है कि कबीर विरली की शिकायत पर पांचों आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।