उत्तर प्रदेश के गोड़ा जिले के गांव बरदीकोर्ट निवासी पप्पू उर्फ भूरा ने फ्रूट खरीदने के बहाने आढ़ती से तीन लाख 46 हजार रुपये हड़प लिए। पुलिस ने आढ़ती की शिकायत पर आरोपी व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
जगाधरी मंडी में स्थित दुर्गा फ्रूट कंपनी के संचालक राजकुमार ने बताया कि 12 सितंबर को उसके पास उत्तर प्रदेश के गांव बरदी कोर्ट निवासी पप्पू उर्फ भूरा का फोन आया और उसे फ्रूट की मांग की। आरोपी ने उससे कहा कि फ्रूट भेजने के साथ ही उसकी पेमेंट कर दी जाएगी। वह आरोपी की बातों में आ गया। राजकुमार ने बताया कि उसने 12 सितंबर से 14 सितंबर तक आरोपी के बताए पते पर फ्रूट भेज दिए। जिसकी कीमत 3 लाख 46 हजार 877 रुपये थी। मगर इसके बाद भी आरोपी ने उसके पैसे नहीं दिए। इस बारे जब उसने आरोपी से बात की तो उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। परेशान होकर उसने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।