यमुनानगर बीएसपी प्रत्याशी योगेश कंबोज नामांकन पत्र एडीसी को देते हुए
- फोटो : Yamuna Nagar
विधानसभा आम चुनाव में नामांकन के तीसरे दिन मंगलवार को जिले में तीन प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। साढौरा विधानसभा क्षेत्र के लिए दो और यमुनानगर विधानसभा क्षेत्र के लिए एक प्रत्याशी ने अपना नामांकन भरा। इनमें कोहिनूर स्वतंत्र पार्टी के मामचंद तथा जिंदाबाद क्रांति पार्टी के रणजीत सिंह शामिल है। जबकि यमुनानगर सीट से बहुजन समाज पार्टी के योगेश कुमार ने नामांकन पत्र दाखिल किया। अभी तक जगाधरी विधानसभा क्षेत्र से किसी भी प्रत्याशी ने अपना नामांकन दाखिल नहीं किया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी मुकुल कुमार ने बताया कि अब तक जिले में कुल 6 प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं। तीन प्रत्याशियों ने सोमवार 30 सितंबर को नामांकन पत्र दाखिल किया था। उन्होंने बताया कि 2 अक्तूबर को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण नामांकन पत्र नहीं लिए जाएंगे और चुनाव लड़ने के इच्छुक शेष प्रत्याशी 3 और 4 अक्तूबर को अपने विधानसभा क्षेत्र से संबंधित रिटर्निग कार्यालय में नामाकंन पत्र दाखिल कर सकते है। उन्होंने बताया कि साढौरा विधानसभा क्षेत्र के नामांकन पत्र एसडीएम कार्यालय बिलासपुर में, जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के नामांकन एसडीएम कार्यालय यमुनानगर में, यमुनानगर विधानसभा क्षेत्र के नामांकन अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय यमुनानगर और रादौर विधानसभा क्षेत्र के नामांकन पत्र एसडीएम कार्यालय रादौर में दाखिल किए जा रहे है।