कोरोना के शुक्रवार को 26 नए केस मिले। दो दिनों में जिले में कोरोना के 52 केस मिल चुके हैं। वीरवार को भी कोरोना के 26 केस मिले थे। हालांकि शुक्रवार को 25 लोगों ने कोरोना को मात दी। कोरोना के मरीज ठीक होने के कारण एक्टिव केस का आंकड़ा नहीं बढ़ पा रहा, जो स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ आमजन के लिए भी राहत की बात है। अब जिले में कुल एक्टिव केस 32 हैं। जिनका उपचार अस्पताल व घर पर चल रहा है। इनमें से सात का उपचार अस्पताल में चल रहा है तो 25 को होम आइसोलेट किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 125 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब में भेजे। लैब से 1538 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है। दो दिनों में 50 से ज्यादा केस मिलना ठीक नहीं है। जबकि इससे पहले रोजाना 10 से 15 केस ही मिल रहे थे। अब कोरोना के केस में एक साथ तीन गुणा की वृद्धि हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के जिला निगरानी अधिकारी डॉ. वागीश गुटैन ने बताया कि शुक्रवार को कोरोना के 26 नए केस मिले जबकि 25 लोग ठीक भी हुए हैं। अब जिले में एक्टिव केस 32 हो गए हैं। जिले में 2020 से अब तक 33018 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। लोग सावधानी रखें और भीड़ वाली जगहों पर मास्क पहन कर रखें।