जगाधरी शहर थाना पुलिस ने गलत मेल और दूसरा अकाउंट नंबर ऑनलाइन देकर साढ़े
चौबीस लाख रुपये ठगने के आरोप में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने यह कार्रवाई दिल्ली के ईस्ट विहार निवासी सुशील जैन की शिकायत पर
की है। थाना पुलिस ने मामले की जांच सीआईए पुलिस को सौंपी है। पुलिस को
दी शिकायत में दिल्ली निवासी सुशील जैन ने बताया कि उन्होंने बीते माह
एमएस प्रीफर्म से ऑनलाइन गहनों की खरीदारी की थी।
उन्होंने ऑनलाइन 24 लाख
50 हजार रुपये के गहनों की खरीदारी की। खरीदारी करते वक्त उन्हाेंने कंपनी
से पूरा पता लिया और कंपनी ने उनसे उनका पूरा पता लिया। ऑनलाइन शॉपिंग के
बदले ऑनलाइन बैंकिंग से पैसे कंपनी के खाते में जमा किए जाते हैं। उन्होंने
भी ऐसा ही किया। आरोप है कि किसी व्यक्ति ने ई-मेल और एक बैंक का अकाउंट
नंबर ऑनलाइन दिया। ऑनलाइन दिए गए अकाउंट नंबर पर उन्होंने रुपये ट्रांसफर
कर दिए। रुपये कंपनी तक नहीं पहुंचे। उनके पास कंपनी के अधिकारियों का फोन
आया कि गहनों की पेमेंट जल्द की जाए। इस पर उन्होंने कहा कि मेल पर दिए गए
अकाउंट नंबर पर उन्होंने रुपये भेज दिए हैं। शिकायत पर जांच में सामने आया
कि व्यक्ति ने मेल पर कंपनी के बजाय अपना अकाउंट नंबर दिया।
उस व्यक्ति ने
रुपये भी निकाल लिए। जांच करने पर उन्हें पता चला की जिस अकाउंट नंबर पर
रुपये गए हैं वह बैंक की जगाधरी शाखा का नंबर है। इस पर उन्हाेंने इसकी
शिकायत जगाधरी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने सुशील की शिकायत पर मामला दर्ज
कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच
सीआईए टीम को सौंप दी है। मामला साइबर क्राइम से जुड़ा होने के कारण पुलिस
गुत्थी सुलझाने के लिए साइबर सेल की मदद ले रही है। जांच अधिकारी सीआईए
इंसपेक्टर अजय राणा का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच चल
रही
है।