संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। आईटीआई दाखिला की ऑनलाइन प्रक्रिया का चौथा चरण शुरू हो गया है। मंगलवार को पूरा दिन बारिश के बावजूद विद्यार्थियों में उत्साह रहा और सुबह ही दाखिला करवाने के आईटीआई पहुंचने लगे थे। चौथी वरीयता सूची में नोडल आईटीआई की रिक्त 570 में से 192 विद्यार्थियों को सीट अलाॅट की गई हैं। सूची में सीट पाने वाले 70 विद्यार्थियों ने दाखिला ले लिया है।
चौथी वरीयता सूची के साथ कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने पांचवें चरण की काउंसलिंग का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। पांचवें चरण की काउंसलिंग खुली होगी और मौके पर ही आवेदन के साथ दाखिले दिए जाएंगे। आईटीआई की दाखिला प्रक्रिया के चौथे ऑनलाइन चरण की वरीयता सूची में कुल 192 सीटें अलॉट की हैं।
चौथी वरीयता सूची में सीट अलॉट करने के बाद सबसे ज्यादा डिमांड में रही चार ट्रेड की सीटें खत्म हो गई हैं। विभाग ने चौथे चरण में इलेक्ट्रिशियन, कोपा, वायरमैन ट्रेड की सभी सीटें आवंटित कर दी गई हैं। जिसके बाद इन ट्रेड्स में कोई सीट रिक्त नहीं है। नोडल आईटीआई की 32 में से 13 ट्रेड्स में सीटें खत्म हो चुकी हैं। चौथे चरण में यदि सभी सीटों पर दाखिला हो जाता है, तो शेष 19 ट्रेड के लिए प्रक्रिया ओपन काउंसलिंग में होगी।
चौथे चरण में इलेक्ट्रिशियन की रिक्त पांच, कोपा की दो यूनिट में रिक्त 17, वायरमैन की नौ, ड्रॉफ्टमैन की रिक्त चार, स्टेनोग्राफर की रिक्त नौ सीटें अलॉट की गई हैं। अब इन ट्रेड में कोई सीट शेष नहीं है। वहीं, दूसरे दिन मंगलवार को विद्यार्थियों ने दाखिला प्रक्रिया में उत्साह दिखाया।
सुबह से दोपहर तक बारिश के बाद भी विद्यार्थियों का आईटीआई में पहुंचना लगा रहा है। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने मूल दस्तावेजों की जांच करवाई और दाखिला लिया। कई विद्यार्थियों ने दस्तावेजों की जांच तो करवाई, लेकिन दाखिला नहीं लिया। ऐसे करीब 25 विद्यार्थियों का दाखिला अभी लंबित है। यदि अंतिम तिथि तक यह विद्यार्थी फीस जमा नहीं करवाएंगे, तो दाखिले रद्द कर दिए जाएंगे।
पांचवां चरण 11 से 22 तक, होगी ओपन काउंसलिंग
कौशल विभाग एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने ओपन काउंसलिंग का शेड्यूल मंगलवार को जारी कर दिया। शेड्यूल के अनुसार ओपन काउंसलिंग का पहला और दाखिला प्रक्रिया का पांचवां चरण 11 से 22 अगस्त तक चलेगा। पहले दिन पोर्टल खुलेगा और रिक्त सीटों का संख्या दिखाई जाएगी। इसके बाद हर दिन दाखिले के लिए मौके पर आवेदन लिए जाएंगे। प्रतिदिन वरीयता सूची जारी कर सीट अलॉट की जाएगी। इस दौरान 15 से 17 अगस्त को छुट्टी रहेगी।
आईटीआई की चौथी वरीयता सूची जारी कर दी गई है। मेरिट के अनुसार विद्यार्थियों को दाखिले दिए जा रहे हैं। इसके साथ ओपन काउंसलिंग का शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। ओपन काउंसलिंग 11 से 22 अगस्त तक चलेगी। - दीपेश महेंद्र, प्राचार्य नोडल आईटीआई।