बंद पड़ी फैक्ट्री से एक लाख रुपये की 16 एल्यूमीनियम प्लेट चोरी
यमुनानगर। खजूरी रोड पर कामी माजरा स्थित बंद पड़ी पंजाब टिक प्लाईवुड फैक्ट्री से 16 एल्यूमीनियम प्लेट चोरी हो गई। चोरी का पता फैक्ट्री मालिकों का बुधवार को लगा है। चोरी हुई एल्यूमीनियम प्लेट की कीमत एक लाख रुपये बताई गई है। फैक्ट्री मालिक की शिकायत पर थाना सदर पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। प्रोफेसर कॉलोनी निवासी नरेश कुमार गुप्ता ने बताया कि उनकी खजूरी रोड कामी माजरा में पंजाब टिक प्लाईवुड नाम से फैक्ट्री है। जो करीब दो साल से बंद है।
एक दो माह में वह चक्कर लगाते हैं। ताला चेक करके चले जाते हैं। कभी-कभी अंदर जाते हैं। बुधवार को वह फैक्टरी में आया तो देखा कि फैक्टरी का सामान हिला हुआ था। जब जांच पड़ताल की तो फैक्ट्री से 16 एल्यूमीनियम प्लेट गायब मिली। जिनकी कीमत करीब एक लाख रुपये है। आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने उनकी फैक्ट्री में घुसकर यह चोरी की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। सदर थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद