-बीडीपीओ ने कराई बोली, 369 कनाल 16 मरले जमीन को एक साल के लिए पट्टे पर देकर दो लाख 43 हजार एक सौ रुपये कराई पंचायत की आमदनी
बिलासपुर।
पंचायत प्रशासन ने रानीपुर गांव की दस साल से गांव के ही लोगों के अवैध कब्जे वाली पंचायती जमीन को सरेआम बोली कर पट्टे पर दे दिया। बोली को लेकर गांव में भारी तनाव की स्थिति बनी हुई थी। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बीडीपीओ नरेंद्र सिंह ने 369 कनाल 16 मरले खेती योग्य भूमि की बोली कराई। ठेकेदारों ने बिना किसी दबाव के बोली लगाते हुए पंचायत की दो लाख 43 हजार एक सौ रुपये की आमदन कराई।
रानीपुर गांव की इस पंचायती जमीन पूर्व सरपंच अन्य लोगों का एक दशक से कब्जा था। मामला कोर्ट में पहुंचने पर कब्जा धारियों को बेदखल करार दिया गया। पंचायत को जमीन की नीलामी करने के हाई कोर्ट ने निर्देश जारी किए। जिस पर शुक्रवार को इस जमीन की बोली रखी गई। एसईपीओ सुशील मंगला ने बताया कि करीब चार घंटे तक चली बोली में सफल बोलीदाता रानीपुर के ही मांगा राम, सतेंद्र व सुरेश ने सबसे अधिक बोली लगाई। उन्होंने बताया कि पंचायती जमीन को एक साल के लिए दो फसलों के लिए पट्टे पर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पंचायती जमीन की बोली को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। जिसके चलते मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। लेकिन लोगों ने आपसी भाईचारे का परिचय देते हुए शांतिपूर्वक बोली लगाई। मौके पर बीडीपीओ नरेंद्र सिंह, पंचायत अधिकारी सुशील मंगला, सरपंच सुलेल चंद, पंचायत सदस्य मोहित व पूनम समेत अन्य गांववासी उपस्थित रहे।