आशा वर्कर्स की हड़ताल दूसरे दिन भी रही जारी, सीएमओ ऑफिस के सामने किया प्रदर्शन
मांगे पूरी न करने पर सड़क पर उतर प्रदर्शन करने की दी चेतावनी
-पिछले दो दिन से मांगो को लेकर सीएमओ कार्यालय के समक्ष कर रही हैं आशा वर्कर्स धरना प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। आशा वर्कर्स यूनियन हरियाणा के आह्वान पर आशा वर्कर्स यूनियन के सदस्यों की सीएमओ कार्यालय के समक्ष दूसरे दिन भी हड़ताल पर बैठी वर्कर्स ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगे जल्द पूरी नहीं की गई तो वह सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करेंगी।
शुक्रवार सुबह भी आशा वर्कर्स यूनियन के सैकड़ों सदस्य जिला प्रधान नीरू बाला के नेतृत्व में शहर के सामान्य अस्पताल स्थित सीएमओ कार्यालय के समक्ष एकत्र हो गए और प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान दूसरे दिन की हड़ताल में भी जिले भर की आशा वर्कर्स ने भाग लिया। मौके पर आशा वर्कर्स ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रधान नीरू बाला ने कहा कि आशा वर्कर्स समाज के विकास के लिए जो कार्य करती हैं। वह अन्य कोई नहीं कर सकता। लेकिन इसके बावजूद उनकी मांगे पूरी नहीं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आशा वर्कर्स ने गत जनवरी में आंदोलन किया था। उस दौरान सरकार ने उनकी मांगे पूरी करने का आश्वासन दिया था। मगर जनवरी माह को बीते भी तीन महीने हो चुके हैं और सरकार उनकी मांगे पूरा नहीं कर रही है। उन्होंने सरकार से आशा वर्करों को पक्का किए जाने, न्यूनतम वेतन 18 हजार रुपये दिए जाने, समान काम समान वेतन दिए जाने समेत अन्य मांगे जल्द पूरी किए जाने की मांग की। मौके पर पूनम, गोमती, रेखा, बबली, रजनी, नीलम रानी, राजरानी, रोशन लाल, जरनैल सिंह सांगवान, सोमनाथ, सुनीता व सुरेंद्र कौर आदि मौजूद थी।
फोटो : 39