ग्रामीणों ने पंचायत पर लगाया गोचरान भूमि को ठेके पर देने का आरोप
रादौर। ग्राम पंचायत राझेडी द्वारा कथित रूप से कोर्ट के आदेशों का उल्लंघन करते हुए मंगलवार को गोचरान के लिए आरक्षित 606 कनाल, 8 मरले भूमि को ठेेके पर दे दिया। मामले को लेकर गांव के लोगों ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व जिला उपायुक्त को इस संदर्भ में एक शिकायत पत्र भेजकर कार्रवाई करने की मांग की है। गांव राझेडी निवासी पंच ललित कुमार, नंबरदार फतेह सिंह, नंबरदार सुशील, पंच शिवानी, पूर्व पंच राकेश कुमार, पूर्व पंच रमेश कुमार, अमित कुमार, मुनीष कुमार, टीनू आदि ने बताया कि गत 11 अप्रैल को पंचायत ने कोर्ट के आदेश पर गोचरान की लगभग 606 कनाल 8 मरले भूमि को कुछ लोगों से मुक्त करवाया था।
ग्रामीणों का कहना है कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश अनुसार गोचरान की भूमि को पंचायत ठेके पर नही दे सकती। यह भूमि गांव के पशुओं की भूमि है।
इस बारे बीडीपीओ रादौर दीनानाथ शर्मा ने बताया कि उन्हें इस बारे कोई जानकारी नहीं है। पंचायत की ओर से गोचरान भूमि को ठेके पर दिया जा रहा है या नहीं।
सरपंच जितेन्द्र कांबोज ने कहा कि ऐसा कोई नियम नहीं है कि जिसके तहत गोचरान की भूमि को ठेके पर न दिया जा सकता हो। यदि कोई आदेश आया तो पंचायत आगामी निर्णय लेगी। गांव की पार्टीबाजी के कारण मामले को तूल दिया जा रहा है।
फोटो नंबर 16