बजरी से भरे ट्रक ने बाइक सवार जीजा-साले को कुचला, मौत
नेशनल हाईवे 73 पर कैल के नजदीक हुआ हादसा, बाइक सवारों ने नहीं पहना हुआ था हेल्मेट
चाहड़ो गांव में ससुराल में मिलने आया था अंबाला के बिहटा गांव का लवली, साले के साथ जा रहा था बाइक पर
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। नेशनल हाईवे 73 (अंबाला-जगाधरी रोड) पर बजरी से भरे ट्रक ने बाइक सवार जीजा-साला को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा हादसा इसी मार्ग पर गांव भंभौली के नजदीक हुआ। यहां तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। तीसरा हादसा खजूरी रोड पर हुआ। वहां हरियाणा रोडवेज बस की टक्कर लगने से बाइक सवार दुकानदार की मौत हो गई।
अंबाला के साहा क्षेत्र के गांव बिहटा निवासी लवली (32) की शादी जगाधरी के चाहड़ो गांव निवासी युवती से हुई थी। तीन दिन पहले वह अपने साले रणबीर (26) से मिलने के लिए गांव चाहड़ो में आया था। बुधवार को दोनों जीजा साला किसी काम से अंबाला रोड पर गए थे। काम समाप्त कर जीजा साले एक बाइक पर देर रात करीब नौ बजे घर लौट रहे थे। जगाधरी-अंबाला रोड पर जब वह गांव कैल के नजदीक पहुंचे तो तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों जीजा साला सड़क पर गिर गए और ट्रक उन्हें कुचलता हुआ आगे निकल गया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय दोनों बाइक सवारों ने हेल्मेट नहीं पहना हुआ था। चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित किया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
------
कैल के पास ट्रक की टक्कर लगने से हुई जीजा साले की मौत के बाद पुलिस मौके पर गई थी। पुलिस ने बजरी से भरे ट्रक को कब्जे में ले लिया है। ट्रक अंडरलोड है। ट्रक के अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। नंबर के आधार पर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
- नवीन कुमार, एसएचओ, थाना सदर, जगाधरी।
रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार दुकानदार की मौत
पुराना हमीदा की आनंद कॉलोनी निवासी संजीव कुमार (56) की खजूरी रोड शादीपुर में किराने की दुकान है। बुधवार को एक ग्राहक दुकान से खल की बोरी लेने के लिए आया। वह दुकान से कुछ दूरी पर रायपुर में बनाए गए स्टोर पर बाइक पर खल की बोरी लेने के लिए चले गए। जब वह वहां से खल की बोरी लेकर लौट रहे थे तो रास्ते में खजूरी रोड पर हमीदा क्षेत्र में सड़क किनारे एक कार खड़ी हुई थी। जैसे ही वह कार को ओवरटेक करने लगे तो तेज गति से आ रही करनाल डिपो की रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। जांच अधिकारी एएसआई लाभसिंह ने बताया कि मृतक के बेटे पारस अग्रवाल की शिकायत पर रोडवेज बस के अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।
तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर, मौत
गधौला निवासी राजपाल (36) जगाधरी में मेहनत मजदूरी का काम करता था। गुरुवार को जगाधरी में अपने काम पर गया था। बुधवार देर शाम करीब साढ़े आठ बजे अपनी बाइक पर जगाधरी से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह एनएच 73 अंबाला-जगाधरी रोड पर गांव भंभोली गुरुद्वारा के नजदीक पहुंचा तो सामने से तेज गति से आ रही मारुति कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इसमें वह बुरी तरह घायल हो गया। वहां से उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। लेकिन चंडीगढ़ पहुंचने से पहले ही राजपाल ने दम तोड़ दिया।
फोटो : 25