ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई न होने पर फूटा गुस्सा, ग्रामीणों ने रोड जाम कर रोके ट्रक, ट्रक चालकों से भिड़े
करीब तीन घंटे तक लगाए जाम में फंसे रहे 300 खनन सामग्री भरे ट्रक और अन्य वाहन
बोले- ओवरलोडड वाहनों की आवाजाही से करोड़ों रुपये में बनी सड़कें हो रहीं बदहाल, हो रहे हादसे
पुलिस द्वारा करीब एक दर्जन ओवरलोड ट्रकों को पकड़ने पर शांत हुए ग्रामीण व खोला जाम
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर/रादौर। ओवरलोड वाहनों की आवाजाही से टूट रही सड़कों और जाम की दिक्कत के साथ हो रहे हादसों पर रादौर में रविवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस व प्रशासन पर मिलीभगत कर ओवरलोड वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए सौ से अधिक ग्रामीण सड़क पर उतर आए।
प्रशासन की ओर से ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई न किए जाने के रोष में ग्रामीणों ने जठलाना-गुमथला मार्ग पर गांव एमटी करहेड़ा के पास गुमथला चौक पर जाम लगाकर ओवरलोड ट्रकों को रोक लिया। इसको लेकर ट्रक चालकों व ग्रामीणों की कहासुनी होने लगी, काफी देर बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची तो दोनों पक्षों में झगड़ा होने लगा। सूचना पाकर पहुंची थाना रादौर से पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने और ट्रक चालकों पर कार्रवाई न होने तक जाम लगाए रखने की चेतावनी दी। पुलिस की ओर से मौके पर करीब एक दर्जन ट्रकों के ओवरलोड होने पर उन्हें जब्त कर लिया गया। इस पर ग्रामीण शांत हुए और जाम खोल दिया। ग्रामीणों द्वारा करीब तीन घंटे तक जाम लगाए रखा। इसमें जटलाना-गुमथला मार्ग पर दोनों ओर करीब 300 ट्रकों सहित अन्य वाहन चालक फंसे रहे।
एमटी करहेड़ा निवासी पवन राणा, अनिल बरहेड़ी, शिवा, रामभूल, अमरीश, नीरज, अजय, मुकुल, काला, चुन्नु, नवीन ने बताया कि ओवरलोडेड ट्रकों से जाम की दिक्कत के साथ क्षेत्र की सड़कें टूट रही हैं वहीं हादसे भी हो रहे हैं। ओवरलोडेड ट्रकों के कारण ही बीते दिनों गांव एमटी करहेड़ा में दो भैंसें दुर्घटना में मारी गईं वहीं गांव बरहेड़ी निवासी 25 वर्षीय युवक और गांव संधाली निवासी युवक की मौत हुई थी। आए दिन ओवरलोडेड ट्रकों के कारण सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। मामले को लेकर तीन दिन पहले जठलाना थाने में ओवरलोडेड ट्रकों के संबंध में थाना प्रभारी को शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
प्रशासन की ओर से ओवरलोड ट्रकों पर कार्रवाई न करने के रोष में ग्रामीणों द्वारा खुद जठलाना-गुमथला मार्ग पर गांव एमटी करहेड़ा के पास गुमथला चौक पर ओवरलोड ट्रकों को रोका गया। पवन राणा व अनिल बरहेड़ी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मौके पर जाम लगाकर पुलिस व प्रशासन पर मिलीभगत कर ओवरलोड वाहनों का चलाने का आरोप लगाया।
ट्रकों को रोकने पर ग्रामीणों और चालकों में तू-तू मैं-मैं
जठलाना-गुमथला मार्ग पर गांव एमटी करहेड़ा के पास गुमथला चौक पर ओवरलोड ट्रकों को रोकने पर कुछ ट्रकों से चालक उतरकर उन्हें रोके जाने का विरोध करने लगे। इस पर दोनों पक्षों में बहस होने लगी। इस संबंध में ग्रामीणों की ओर से थाना जठलाना पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन काफी देर बाद भी मौके पर पुलिस नहीं पहुंची। इससे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी झगड़े में तब्दील होने लगी। इसी दौरान मौके पर सूचना पाकर पहुंची थाना रादौर से एएसआई मोहकम राणा व अन्य पुलिस कर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण ओवरलोड ट्रक चालकों पर कार्रवाई किए जाने की मांग पर अड़ गए और तब तक जाम लगाए रखने की चेतावनी दी। इस पर पुलिस की टीम ने मौके पर करीब एक दर्जन ट्रकों के ओवरलोड होने पर जब्त कर लिया। इस पर ग्रामीण शांत हुए और करीब तीन घंटे बाद जाम खोला गया। तीन घंटे तक मार्ग पर दोनों ओर करीब 300 ट्रकों सहित अन्य वाहन चालक फंसे रहे।
ट्रक चालकों ने ग्रामीणों पर लगाया बेवजह रोकने का आरोप
ट्रक चालक रिंकू निवासी मलिकपुर, कैथल, सोनू ढांडा, रघुबीर सिंह अंबाला, बिन्द्र शाहाबाद, रिंकू शाहाबाद ने बताया कि ग्रामीणों ने तीन दिनों से उनके रेत से लदे ट्रक रोक रखे हैं, जिससे उन्हें परेशानी हो रही है। उन्होंने ग्रामीणों पर आरोप लगाया कि ग्रामीण उन्हें बेवजह परेशान कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनसे कथित रूप से पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहे हैं, जिसका ट्रक चालक विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों द्वारा लगाया जाम अवैध है, जिसका वह विरोध कर रहे थे।
-
जठलाना-गुमथला मार्ग पर गांव एमटी करहेड़ा के पास जाम व झगड़े की सूचना पाकर मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। ग्रामीणों की शिकायत पर ओवरलोड ट्रकों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
-एएसआई मोहकम राणा, जांच अधिकारी, थाना रादौर।
फोटो-29 से 34