छह माह से चल रहा सड़क निर्माण, ग्रामीण परेशान
बिलासपुर। कस्बे के शिव चौक से हिमाचल की सीमा से सटे गांव धनौरा को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण छह माह से चल रहा है। निर्माण कार्य धीमी गति से होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घाड़ क्षेत्र के लोगों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की कि जिन गांवों के पास वाहनों की आवाजाही और दुकानें अधिक हैं, वहां सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए।
सड़क निर्माण कार्य धीमी गति से होने पर सबसे अधिक परेशानी घाड़ क्षेत्र में रणजीतपुर क्षेत्रवासियों को हो रही है। ग्रामीण धर्मवीर सिंह, इरफान, नानकचंद, महक सिंह, अश्वनी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा आदिबद्री, लोहगढ़ को जिला मुख्यालय सहित प्रदेश के अन्य जिलों से जोडने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की ओर इस सड़क के निर्माण की घोषण की गई थी, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही का खमियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी गांव रानीपुर से रणजीतपुर तक हो रही है। पूरे मार्ग पर गिराई गई मिट्टी कीचड़ में तबदील हो गई है। इस कारण पैदल और दोपहिया वाहन चालक स्लिप होकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। मार्ग से रोजाना सैकड़ों विद्यार्थी व ग्रामीण निजी वाहनों व स्कूली वाहनों से गंतव्य की ओर जाते हैं। सड़क की हालत खराब होने पर सड़क से गुजरने में परेशानी होती है। विभाग के अधिकारियों को चाहिए कि ठेकेदार को निर्देश दे कि जिन क्षेत्रों में ग्रामीणों की आवाजाही ज्यादा है, वहां जल्द कार्य को पूर्ण करें।
फोटो-03