मौत को दावत दे रहे एनएच के शॉर्ट-कट
लोगों ने अपनी सहुलियत के लिए डिवाइडर को तोड़ कर आने-जाने के लिए बना लिए रास्ते
एनएच-73 ए और रेलवे रोड व जगाधरी वर्कशॉप रोड पर कई अवैध कट, दे रहे हादसों को न्यौता
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर/छछरौली। जिले में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। बावजूद इसके इसको लेकर न तो प्रशासन संजीदा दिख रहा है और न ही लोग जागरूक हैं। लोगों द्वारा अपनी सहुलियत के लिए एनएच-73 ए व शहर के बीच रेलवे रोड व जगाधरी वर्कशॉप रोड पर तोड़े गए डिवाइडर देख इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। डिवाइडर के बीच मनमानी कर अवैध रूप से बनाए ये रास्ते जाम के साथ हादसों को दावत देते नजर आ रहे हैं। शहर के बीच रेलवे रोड पर अग्रसेन (रेलवे) चौक से शहीद भगत सिंह चौक के बीच आनंद मार्केट व गीता भवन व मुलतानी रेस्तरां के पास डिवाइडर के बीच कुल तीन अवैध कट हैं। इसी तरह जगाधरी वर्कशॉप रोड पर कमानी चौक से विष्णु नगर चौक तक डिवाइडर के बीच अमरपुरी, बुटर पेट्रोल पंप के पास सहित चार अवैध कट हैं। रेलवे व जगाधरी वर्कशॉप रोड शहर के सबसे व्यस्त मार्ग हैं, बावजूद इसके सरेआम लोगों ने मनमानी कर अपनी सहुलियत के लिए यह कट बना डाले हैं। इन रास्तों के बीच से वाहन चालक एक से दूसरे मार्ग पर आते-जाते हैं, जिससे जाम की स्थिति के साथ हादसे की भी आशंका बनी रहती है।
बॉक्स
-सड़क के लेवल में आया डिवाइडर, वाहन चालक ऊपर से करते सड़क क्रॉस-
जगाधरी वर्कशॉप रोड पर कमानी चौक से शहीद भगत सिंह चौक के बीच कोई अवैध कट नहीं है, लेकिन यमुनानगर बस स्टैंड तक डिवाइडर व सड़क का लेवल लगभग बराबर हो गया है। इसके अलावा डिवाइडर के बीच काफी जगह गैप है। वाहन चालक डिवाइडर के ऊपर या इन गैप के बीच से सड़क क्रॉस करते हैं, जो जाम के साथ हादसे की भी वजह बन सकती है।
बॉक्स
एनएच-73 ए पर भी कई अवैध कट:
एनएच-73ए (जगाधरी-पौंटा) पर बुड़िया चौक से चनेटी चौक तक कपूर अस्पताल व उदय पैलेस के समीप डिवाइडर के बीच अवैध कट हैं। आसपास के लोगों की मानें तो यह दोनों कट पास में स्थित लकड़ फैक्ट्रियों व कांटों पर आने-जाने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों व अन्य वाहनों द्वारा अपनी सहुलियत के लिए बनाए हैं। इन भारी वाहनों के इन कटों से सड़क क्रॉस करते वक्त जाम लग जाता है और कई बार हादसे भी हो चुके हैं। इसके आगे छछरौली में हाईवे पर एमएलवर्मा चौक पर बना डिवाइडर टूट-फूटकर लगभग साफ हो गया है। यहां से भी वाहन चालक सड़क क्रास करने लगे हैं।
बॉक्स
धुंध में जानलेवा साबित हो सकते ये कट:
चूंकि ये कट लोगों ने अपनी सुविधा अनुसार बना डाले हैं। इस कारण इन पर न तो कोई सूचना पट्ट है और न ही कोई ट्रैफिक लाइट ही है। ऐसे में धुंध में विजिबिल्टी कम होने पर ये कट जानलेवा साबित हो सकते हैं। चूंकि एक ओर से वाहनों की आवाजाही के बीच दूसरी ओर से अचानक वाहन के मोड काटकर आगे आ जाने पर हादसा हो सकता है।
वर्जन
डिवाइडर के कट बंद करने व पेंच वर्क और सूचना पट्ट लगाने को एस्टीमेट बनाकर भेजा है। जैसे ही एस्टीमेट पास होगा हाईवे पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
जसविंद्र सिंह, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआई।
फोटो-11 से 14