दूसरे दिन भी बसें-ट्रेनें नहीं चलीं, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन रहे सुनसान
यमुनानगर। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख पर कोर्ट के फैसले के दूसरे दिन भी बस और ट्रेन सेवाएं बाधित रहीं। बसें डिपो में खड़ी रहीं तो रेलवे स्टेशन भी सूने रहे। इस दरम्यान यात्री कम ही घरों से निकले, मगर जो निकले उनकी सांसत हुई। प्राइवेट सवारी वाहन संचालकों ने मौके का खूब फायदा उठाया, मनमाना किराया वसूला।
बसों के न चलने से सुबह से देर शाम तक यमुनानगर और जगाधरी बस अड्डे और ट्रेनों के कैंसिल होने पर यमुनानगर जगाधरी रेलवे स्टेशन सुनसान पड़े रहे। बसों और ट्रेनों के न चलने से यात्री खासे परेशान नजर आए। अधिकांश लोग गंतव्य तक पहुंचने के लिए निजी सवारी वाहनों का सहारा लेते दिखे। वहीं, कुछ मैक्सी कैब और अन्य सवारी वाहनों के चालकों ने अवसर को भुनाते हुए यात्रियों को मनमाना किराया वसूला। यमुनानगर बस स्टैंड पहुंचे राधेश्याम और सोनिया ने कहा कि उन्हें अंबाला जाना है, लेकिन यहां आकर पता चला कि बसें नहीं चल रहीं हैं। अब मजबूरन वह अधिक किराया देकर निजी सवारी वाहन का सहारा ले रहे हैं। इसी तरह रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे सुनील ने कहा कि वह घंटेभर से यहां खड़ा है, लेकिन ट्रेन नहीं आई। इसी तरह बसों व ट्रेनों के न चलने से सुबह से शाम तक यात्री दिक्कतों से दो चार हुए। बता दें कि उक्त मामले को लेकर रेलवे की ओर से करीब 200 से अधिक ट्रेनों को रद किया गया है वहीं, रोडवेज की बसों के भी पहिए थमे हैं।