यमुनानगर। शातिर ठगों ने ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर करीब 85 लोगों से 16 करोड़ रुपये ठग लिए गए। आरोप कन्हैया साहिब चौक स्थित एक निजी कंपनी के संचालकों व एजेंटों पर लगा है।
ऑस्ट्रेलिया जाने के लालच में किसी ने दस लाख रुपये तो किसी ने 20 लाख रुपये आरोपियों को दिए हैं। ठगी का शिकार हुए लोग प्रदेश के अलावा पंजाब, हिमाचल प्रदेश व उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के है। ऑस्ट्रेलिया भेजने के लिए इन लोगों को मंगलवार को दिल्ली टिकट व वीजा देने के लिए बुलाया गया था लेकिन रुपये लेने वाले आरोपी ठग उन्हें वहां नहीं मिले। जिसके बाद सभी कन्हैया साहिब चौक स्थित निजी कंपनी के कार्यालय पर पहुंचे। यहां उन्हें कार्यालय बंद मिला और संचालकों व एजेंटों के नंबर बंद आते रहे।
इस पर ठगी का शिकार हुए लोगों ने यहां जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर गांधी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बुधवार देर शाम तक मामले में कोई केस दर्ज नहीं किया गया था।
कार्यालय के बाहर हंगामा कर रहे खेड़ी गांव निवासी साहिल, प्रदीप कुमार, ललित सैनी व अन्य ने बताया कि कुछ माह पहले सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें इस निजी कंपनी के बारे में जानकारी मिली थी। जिसके बाद वह कार्यालय में आए। जहां उनकी मुलाकात कंपनी के संचालकों से हुई। उन्होंने कहा था कि वे ग्रुप को ऑस्ट्रेलिया का वर्क वीजा दिलवा रहे हैं। आरोपियों ने दावा किया था कि कम समय और कम खर्च में सौ प्रतिशत गारंटी से वीजा मिलेगा। 31 मई को उन्होंने आरोपियों को दस्तावेज दिए। आरोपियों ने 10 दिन में वीजा दिलाने की बात कही और प्रत्येक युवक से 20 लाख रुपये मांगे। इस दौरान किसी ने दस लाख रुपये तो किसी ने 15 से 20 लाख रुपये जमा कराए। रुपये लेने के बाद आरोपियों ने उन्हें वीजा व टिकट दिए और मंगलवार को दिल्ली के एक होटल में बुलाया। दिल्ली पहुंचने पर होटल में आईडी दिखाकर रूम मांगा तो स्टाफ ने बताया कि उनकी कोई बुकिंग नहीं है।
जब उन्होंने एजेंटों को फोन किया तो उन्होंने कहा कि खुद कमरा बुक कर लो, वे आकर भुगतान कर देंगे। इस पर सभी ने कमरे बुक कर लिए। इस दौरान उन्होंने ऑनलाइन टिकट चेक की तो वह रद मिली। बाकी ने भी अपनी अपनी टिकट का स्टेटस जांचा तो सभी की टिकट रद थी। कंपनी संचालक व अन्य एजेंटों को फोन किया तो उनके नंबर भी बंद आ रहे है। आरोपियों के नंबर बंद आने पर सभी युवक अपने बैग, अटैची व अन्य सामान लेकर कारों के माध्यम से मंगलवार रात करीब 11 बजे कन्हैया साहिब चौक के पास स्थित निजी कंपनी के कार्यालय पर पहुंचे लेकिन यहां कार्यालय भी बंद मिला। संवाद