संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। उधार दिए रुपयों पर अधिक ब्याज वसूलने व धमकाने के आरोपों में सात दिन में नौ एफआईआर में 15 आरोपी नामजद किए जा चुके हैं। इनमें तीन की गिरफ्तारी भी हो चुकी है, वहीं अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही है। नया मामला थाना गांधीनगर में शिवनगर के सोनू कश्यप की शिकायत पर आरोपी महिला अनिता के खिलाफ दर्ज हुआ।
शिकायत में कैंप के शिवनगर कालोनी निवासी सोनू कश्यप ने बताया कि पत्नी पूजा गर्भवती है। पड़ोसी अनिता लोगों को ब्याज पर रुपये उधार देती है। वर्ष 2024 में पत्नी ने अनीता से 20 हजार रुपये दस प्रतिशत ब्याज पर उधार लिए थे। किश्तों में यह रुपये वापस किए जा रहे हैं। इसके बाद भी अनीता बार-बार घर आकर धमकी देती है।
मंगलवार को वह अपने दो साथियों के साथ घर में घुस आई। पत्नी के साथ गाली-गलौज की और धमकी देते हुए सिलिंडर व वाशिंग मशीन उठाकर ले गई। इसी तरह से अनीता ने कई अन्य लोगों को भी रुपये दिए हुए हैं। उनसे मोटा ब्याज वसूला जा रहा है। उनकी बेइज्जती करती है। जांच अधिकारी मनोज ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अब तक तीन लोग हो चुके गिरफ्तार
फर्कपुर थाना में बुधवार को दर्ज किए गए मामले में आरोपी सुखदेव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को दी शिकायत में वीना नगर निवासी दीपक ने बताया था कि फर्कपुर निवासी सुखदेव से उसकी जान पहचान थी। मई में 40 हजार रुपये की जरूरत पड़ी तो सुखदेव के पास अपने दोस्त को भेजा और उससे 40 हजार रुपये ले लिए। इस पर सुखदेव ने काफी अधिक ब्याज वसूलना शुरू कर दिया। अब तक उधार लिए 40 हजार रुपयों के बदले एक लाख रुपये वापस कर चुका हूं। अब भी सुखदेव डेढ़ लाख रुपये मांग रहा है। परेशान होकर पुलिस को शिकायत दी। इससे पहले थाना सेक्टर-17 में गत रविवार को नामजद 10 में से पुलिस ने जोहड़ीपुरा निवासी विकास व गुलाबनगर चौक निवासी जयदेव को गिरफ्तार किया था।