प्री-नेशनल शूटिंग में डीएवी के खिलाड़ी दिखाएंगे जलवा
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। डीएवी के खिलाड़ी अब प्री-नेशनल शूटिंग में जलवा दिखाएंगे। हरियाणा राइफल शूटिंग एसोसिएशन की ओर से दिल्ली में आयोजित राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में इन्होंने क्वालीफाई किया। प्रदेश भर से आए शूटर्स के बीच डीएवी गर्ल्स कॉलेज की शूटिंग रेंज के शूटर अंजू, राजविंद्र कौर, अंकुर, गौरव सहगल, गौरव डागर, सुरेश, मनु सिरोही, विकास डागर, गौरव सिंह और अरुण लांबा ने नॉर्थ जोन शूटिंग चैंपियनशिप, प्री-नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप और ऑल इंडिया इंटर स्कूल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया। सभी खिलाड़ियों को कॉलेज की कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ. विभा गुप्ता ने बधाई दी।
रेंज के कोच मोहन शर्मा ने बताया कि दिल्ली के तुगलकाबाद स्थित डा. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसमें प्रदेश भर से आए करीब 1500 शूटर्स ने हिस्सा लिया। इसमें डीएवी गर्ल्स कॉलेज की शूटिंग रेंज के इन प्रतिभागियों ने क्वालीफाई कर लिया है। अब ये सितंबर में होने वाली प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता में अच्छे प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश के शिक्षा मंत्री रामविलास शर्मा, हरियाणा राइफल एसोसिएशन के सचिव अशोक मित्तल ने प्रतिभागियों को सम्मानित किया। मोहन शर्मा के मुताबिक, इन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के लिए जल्द ही डीएवी गर्ल्स कॉलेज शूटिंग रेंज में शिविर का आयोजन किया जाएगा।