संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। चौधरी रणबीर सिंह राजकीय बहुतकनीकी संस्थान (पॉलिटेक्निक) हथिनीकुंड में दाखिला प्रक्रिया के दूसरे चरण का शुक्रवार को अंतिम दिन रहा। अंतिम दिन कुल 14 विद्यार्थियों ने संस्थान में पहुंचकर दाखिला लिया। इसके साथ दूसरा चरण समाप्त हो गया है। दो दिन चली दूसरे चरण की प्रक्रिया में कुल 36 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। इस चरण के लिए वरीयता सूची में 71 को सीट अलॉट की गई थी।
दूसरी वरीयता सूची में सीट आवंटित होने के बावजूद जिन अभ्यर्थियों ने रिपोर्ट नहीं की, उनकी सीटें स्वतः रद्द कर हो गई हैं। अब यह सीटें रिक्त में शामिल कर ओपन काउंसलिंग में आवंटित की जाएंगी। दूसरे चरण की काउंसलिंग के तहत दूसरी वरीयता सूची में कुल 71 विद्यार्थियों को विभिन्न कोर्स में सीटें आवंटित की गई थीं। रिपोर्टिंग के पहले दिन 22 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया था। अंतिम दिन 14 और विद्यार्थियों ने प्रवेश प्रक्रिया पूरी की।
पहले पहले चरण की काउंसलिंग में 145 विद्यार्थियों को सीटें आवंटित की गई थीं। इनमें से 82 विद्यार्थियों ने समय पर रिपोर्ट कर दाखिला लिया था। पहले और दूसरे चरण को मिलाकर अब तक संस्थान में कुल 118 विद्यार्थियों का प्रवेश हो चुका है। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में आठ डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए कुल 480 सीटें उपलब्ध हैं।
दो चरणों की दाखिला प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी अभी 362 सीटें रिक्त हैं। बड़ी संख्या में सीटें खाली रहने के कारण संस्थान प्रबंधन ने ओपन काउंसलिंग से सीटें भरी जाएंगी। दाखिला समिति के नोडल अधिकारी दीपक मेहता ने बताया कि ओपन काउंसलिंग में अभ्यर्थियों को रिक्त सीटों पर प्रवेश का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए निर्धारित कार्यक्रम जल्द जारी किया जाएगा। इस दौरान जो विद्यार्थी आवेदन करने से चूक गए थे, वे आठ जुलाई तक संस्थान पहुंचकर ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद ओपन काउंसलिंग में विद्यार्थियों को दाखिला दिया जाएगा।
मैकेनिकल इंजीनियरिंग में सबसे अधिक दाखिले
इस दौरान राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में सबसे ज्यादा दाखिले मैकेनिकल इंजीनियरिंग में हुए। इसमें कुल नौ विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। सिविल इंजीनियरिंग में कुल छह विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। कंप्यूटर इंजीनियरिंग में भी छह विद्याार्थियों ने दाखिला लिया। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में आठ विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। इसी तरह मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी में कुल सात दाखिले हुए।