संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। बहुतकनीकी संस्थान (पॉलीटेक्निक) में दाखिला लेने के लिए वीरवार को कोर्स पसंद भरने का अंतिम दिन रहा। इस दौरान दसवीं के डिप्लोमा कोर्स लेने वाले विद्यार्थियों ने अंतिम तिथि पर संस्थान पहुंचकर अपनी पसंद भरी। विभाग के शेड्यूल के अनुसार शुक्रवार को सीट अलॉट कर दी जाएगी।
विभाग की यह प्रक्रिया दो चरण में एक जुलाई तक चलेगी। प्रथम वर्ष के साथ दूसरे वर्ष के लिए भी विद्यार्थियों की काउंसलिंग शुरू होगी। यह काउंसलिंग 15 जून से शुरू होगी। अंतिम दिन संस्थान में करीब 125 विद्यार्थियों ने अपनी पसंद भरी। अब शुक्रवार को पहली कट ऑफ लिस्ट जारी की जाएगी। वहीं, नए कोर्स शुगर टेक्नोलॉजी के प्रति विद्यार्थियों का काफी रुझान दिख रहा है।
प्रदेश भर में एकमात्र चौधरी रणबीर सिंह राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में यह कोर्स करवाया जा रहा है। यह कोर्स कर विद्यार्थी जिले की शुगर मिल के साथ इस क्षेत्र के अन्य कंपनियों में सुनहरा रोजगार का अवसर पास सकते हैं। इस दौरान विद्यार्थियों ने तीन-तीन कोर्स में अपनी रूचि दिखाई है।
इसके अलावा इंवायरमेंट इंजीनियरिंग में भी विद्यार्थियों का रुझान है। इसके लिए भी विद्यार्थियों ने अपनी पसंद भरी है। इसी सत्र से शुरू होने वाले इन दोनों कोर्स में कुल 60-60 सीटें हैं। दूसरी तरफ 12वीं के बाद पॉलिटेक्निक के द्वितीय वर्ष में दाखिला लेने की प्रथम प्रक्रिया वीरवार को पूरी हो गई है।
पहल चरण में राजकीय संस्थान की 26 सीटें भर गई है। अंतिम दिन संस्थान में 26 विद्यार्थियों ने रिपोर्ट की। इसके बाद इसका दूसरा चरण 22 जून को शुरू होगा और 24 तक विद्यार्थियों को दाखिले दिए जाएंगे। वहीं, प्रथम वर्ष में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को शुक्रवार यानी आज सीट अलॉट की जाएगी।
विभाग के शेड्यूल के अनुसार 19 जून को सीट अलॉट की जाएगी। वहीं, 22 से 24 जून तक फिजिकल रिपोर्टिंग होगी। 25 जून को पोर्टल पर रिक्त सीटें दिखाई जाएंगी। इसके बाद दूसरे चरण की काउंसलिंग 26 जून को शुरू की जाएगी। इसके तहत विद्यार्थी 30 जून रात 11 बजकर 59 मिनट तक पसंद भर सकेंगे। एक जुलाई को सीट अलॉट की जाएगी। दो से चार जुलाई तक फिजिकल रिपोर्टिंग होगी। सात जुलाई को रिक्त सीटें दिखाई जाएंगी।
वंचित रह गए विद्यार्थी कर सकते हैं आवेदन
राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में दाखिला लेने के लिए आवेदन करने से पीछे रह गए विद्यार्थियों उनके पास एक और मौका है। दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थी ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। विद्यार्थियों को संस्थान में पहुंचकर अपने दस्तावेजों की कॉपी जमा करवानी होगी। ऑफलाइन आवेदन में भी विद्यार्थी राजकीय संस्थान में शुरू किए नए शुगर टेक्नोलॉजी कोर्स में दाखिला का आवेदन भी कर सकेंगे। इस कोर्स चुनने के लिए विभाग की ओर से ऑफलाइन मोड पर भी छूट दी गई है।