जिले में डेंगू के कुल केस 497 हो चुके हैं। इसी तरह चिकनगुनिया के मरीजों का आंकड़ा 438 तक पहुंच गया है। सोमवार को जिले में डेंगू के 12 व चिकनगुनिया के पांच नए केस मिले। डेंगू केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की तरफ से प्रभावित क्षेत्रों में फॉगिंग कराई गई। वहीं 88 घरों में जांच के दौरान मच्छर का लारवा भी मिला। इसके बाद विभाग ने सभी को नोटिस दिया।
जिला मलेरिया विभाग की तरफ से सोमवार को जिले के 7724 घरों को कवर किया गया । इस दौरान डेंगू की जांच के लिए 995 लोगों के सैंपल लिए गए। अब तक विभाग 11292 सैंपल की जांच लैब में करवा चुका है। इनमें से 497 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसी तरह 27 लोगों के सैंपल चिकनगुनिया की जांच के लिए भेजे गए। अब तक 3202 सैंपल की जांच करवाई जा चुकी है। इनमें से 438 सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुशीला सैनी ने बताया डेंगू के 12 व चिकनगुनिया के पांच नए केस मिले हैं। डेंगू केस मिलने पर वहां फॉगिंग कराई गई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह सप्ताह में एक दिन ड्राई डे जरूर मनाएं। घरों में साफ सफाई के अलावा कूलर का पानी जरूर बदलें। वहीं फ्रिज के पीछे लगी वेस्ट पानी की ट्रे को भी जरूर खाली करें। यदि कहीं पानी जमा है तो उसमें काला तेल जरूर डालें।