फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: जिला अस्पताल में 12 लिफ्ट, ऑपरेटर के इंतजार में मरीज

Sat, 13 Apr 2024 03:55 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
यमुनानगर। मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल अब 200 बेड का बन गया है। अस्पताल में 12 लिफ्ट भी लगाई गईं हैं। जिनसे मरीज और उनके तीमारदार अस्पताल की चौथी मंजिल तक जा सकते हैं लेकिन अस्पताल के उद्घाटन के एक साल बाद भी लिफ्टों को चलाने के लिए अभी तक किसी आपरेटर की व्यवस्था नहीं की गई है। इससे मरीज और उनके तीमारदारों को काफी परेशानी हो रही है। अस्पताल में आने वाले लोग बिना जानकारी के लिफ्ट का प्रयोग कर रहे है जिससे वे कभी बेसमेंट तो कभी चौथी मंजिल पर पहुंच जाते हैं। इसके बाद गंतव्य पर जाने के लिए उन्हें सीढि़यों का सहारा लेना पड़ता है। इससे मरीज और उनके तीमारदारों की परेशानी बढ़ रही है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से लिफ्ट के लिए आपरेटरों की नियुक्ति जल्द करने की मांग की है।
विज्ञापन

जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल में रोजाना 1500 से 2000 मरीजों की ओपीडी होती है। इसलिए प्रदेश सरकार ने 105 करोड़ रुपये खर्च कर जिला अस्पताल का 200 बेड का नया भवन बनाया है। नया भवन चार मंजिला है। चतुर्थ तल पर ऑपरेशन थियेटर बना हुआ है। इसके अलावा विभिन्न तलों पर ओपीडी, वार्ड, ऑपरेशन थियेटर, टेस्ट रिपोर्ट व फीस काउंटर बनाए गए हैं। जिससे मरीजों को चार मंजिल तक सीढि़यां चढ़नी पड़ती है। मरीजों की इस परेशानी को देखते हुए अस्पताल में कई जगह लिफ्ट लगाईं गई है। इनकी संख्या करीब 12 है लेकिन 11 मई 2023 को अस्पताल के उद्घाटन के बाद से अब तक लिफ्ट चलाने के लिए आपरेटर की व्यवस्था नहीं की गई है। इसलिए ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले काफी लोग लिफ्ट के बजाय सीढि़यां ही चढ़ रहे हैं। पिछले वर्ष अस्पताल शुरू होने के बाद मरीजों के लिफ्ट में फंसने की एक घटना हो चुकी है। पिछले वर्ष बिजली चले जाने से लिफ्ट में चार मरीज फंस गए थे। लिफ्ट में फंसे लोगों ने जब अंदर लगा इमरजेंसी बटन दबाया तो सायरन बजने पर उन्हें जेनरेटर चलाकर बाहर निकाला गया था। दरअसल ऑपरेटर इसलिए लगाया जाता है ताकि वह लोगों को किसी भी तल पर खुद ही छोड़ सके। अचानक लिफ्ट बंद होने पर इमरजेंसी में संयम से काम लेकर लोगों को बाहर निकाल सकें। अस्पताल बनाते समय पीडब्ल्यूडी ने तो लिफ्ट लगाकर दे दी थी, लेकिन स्वास्थ्य विभाग अभी तक भी ऑपरेटर की व्यवस्था नहीं कर पाया। वहीं इस संबंध में जिला अस्पताल की पीएमओ डॉ. दिव्या मंगला का कहना है कि लिफ्ट पर ऑपरेटर नियुक्त करने के लिए उच्चाधिकारियों को लिखा हुआ है। स्टाफ के आते ही लिफ्ट पर ऑपरेटर नियुक्त कर दिए जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें