यमुनानगर। डेंगू का दायरा बढ़ता ही जा रहा है। दो दिनों में डेंगू के 10 मरीज मिल चुके हैं। मंगलवार को भी डेंगू के पांच मरीज एक साथ मिले। जिससे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की चिंता बढ़ती जा रही है।
जहां पर डेंगू के मरीज मिले वहां पर स्वास्थ्य विभाग की तरफ से फॉगिंग कराई गई। साथ ही उनके घरों से अन्य परिजनों के रक्त के सैंपल लिए गए। इनकी जांच लैब में कराई जाएगी। इसी के साथ ही जिले में डेंगू के मरीजों की कुल संख्या 129 हो गई है।
डेंगू के जो नए केस मिले हैं उनमें 36 वर्षीय युवक किशनपुरा से, एक साल का बच्चा सेक्टर-18 पार्ट टू से, एक साल की बच्ची पुराना हमीदा से, 20 साल का युवक कान्हड़ी कलां से व 37 वर्षीय युवक रपौली गांव से है जबकि सोमवार को 35 वर्षीय महिला रूपनगर कॉलोनी जगाधरी से, 42 वर्षीय युवक परवालों से, 57 वर्षीय व्यक्ति रतनगढ़ से, 25 वर्षीय युवक हरिपुर जटान से तथा 69 साल की महिला सैदूपुर से मिली थी।
ठंड बढ़ने से मिल सकती है राहत :
पिछले कुछ दिनों से से ठंड में बढ़ोतरी हुई है। इससे लोगों को डेंगू से थोड़ी बहुत राहत मिल सकती है, क्योंकि ठंड बढ़ने से मच्छर मरने लगता है। इससे पहले मौसम में गरमाहट आने से मच्छरों की संख्या काफी बढ़ गई थी। जिससे डेंगू के मरीजों की संख्या में भी बढ़ोतरी देखने को मिली। कई दिनों से रोजाना तीन से पांच केस मिल रहे हैं।
पानी जमा न होने दें : सुशीला सैनी
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुशीला सैनी का कहना है कि सप्ताह में एक दिन सभी अपने घरों में ड्राई डे जरूर मनाएं। इस दौरान अपने घरों में रखे फ्रीज के पीछे लगी पानी ट्रे को खाली जरूर करें, क्योंकि इसमें मच्छर का लारवा पनप सकता है। साथ ही घरों में रखे गमलों या गड्ढों में पानी जमा है तो उसमें काला तेल जरूर डाल दें ताकि उसमें मच्छर का लारवा न पनप सके।