हरियाणा में सरकूलर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में बावल के मोती झील निवासी बबीता(35) की डेंगू से मौत हो गई। परिजनों ने डाक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
हंगामा बढ़ते देख सभी डाक्टर और कर्मचारी फरार हो गए। भीड़ ने अस्पताल के मेडिकल स्टोर में मौजूद कर्मचारी के साथ हाथापाई भी की। सिटी एसएचओ राजबीर ने उसे हिरासत में ले लिया है। परिजनों की शिकायत पर आरोपी चिकित्सक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को बबीता की तबीयत अचानक खराब होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां डाक्टरों ने डेंगू की पुष्टि कर इलाज शुरू कर दिया था। शुक्रवार रात महिला की तबीयत और ज्यादा खराब होने पर परिजन डाक्टर से मिले और स्थिति के बारे में अवगत कराया।
परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक ने महिला को देखने की बजाए 50 हजार रुपये की डिमांड की। पैसे जमा कराने के कुछ देर बाद ही डॉक्टर ने बबीता को गुड़गांव रेफर कर दिया। उनका आरोप है कि रेफर करने से कुछ समय पहले ही बबीता की मौत हो चुकी थी क्योंकि अस्पताल से एंबुलेंस में निकालते समय उसकी सांसे रुकी हुई थी।